उत्तराखंड
रूसी बालाओं ने हरिद्वार में लिए सात फेरे
अखंड परमधाम आश्रम के आंगन में हिंदू रीतिरिवाज से हुआ विवाह
- हरिद्वार. शेरवानी में दूल्हा सजा था और दुल्हन के जोड़े में खूब फब रही थीं रूसी लड़कियां. धर्मनगरी हरिद्वार में अखंड परमधाम आश्रम के आंगन में उस समय नजारा बेहद खास हो गया जब यहां रूस के नागरिकों की शादी वैदिक तौर तरीके से संपन्न हुई. हरिद्वार के आश्रम में हुई रूसी नागरिकों की शादी महज औपचारिकता नहीं रही, बल्कि यहां सभी रीति रिवाजों का पालन किया गया. पारंपरिक दूल्हों वाली लाल शेरवानी और पगड़ी पहन कर सजे तीनों दूल्हों की बारात निकाली गई.
रूसी दूल्हों के साथी बारात में भारतीय धुनों पर डांस कर रहे थे. रूसी दूल्हों की बारात में रूसी नागरिकों का उत्साह देखते ही बन रहा था. बारातियों के साथ दूल्हा और दुल्हन ने भगवान के मंदिर में गए, वहां आशीर्वाद लिया और स्टेज पर चढ़कर एक दूसरे को वरमाला पहनाई. इतना ही नहीं रूसी जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे भी लिए और जीवन भर एक दूसरे के साथ रहने का वचन दिया।
विकसित देशों में लोगों के पास संसाधनों की तो कमी नहीं है, लेकिन परिवार का ना होना वहां के नागरिकों को खलता है. इसलिए वे पश्चिमी तौर तरीकों से ऊब कर भारतीय संस्कृति और यहां की संयुक्त परिवार की व्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं और उसे अपना भी रहे हैं।