उत्तराखंड रोडवेज के बेड़े में 100 और बसें शामिल, सीएम ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को नए साल के पहले दिन उत्तराखंड रोडवेज की 100 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 100 में से 49 बसें ऑन रोड आ गईं, जबकि 51 बसें जल्द ही आ जाएंगी। वहीं, परिवहन निगम ने पहली बार निजी बसों को टक्कर देने के लिए दो अनुबंधित स्लीपर बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया है।
नववर्ष पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय से फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 10 एसी व दो स्लीपर अनुबंधित बसों को भी जनता को समर्पित किया। साथ ही उन्होंने परिवहन निगम की स्मारिका अनवरत और सड़क सुरक्षा पर आधारित कैलेंडर का विमोचन किया। सीएम ने कठिन परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने वाले कर्मठ कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजानदास, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, एमडी परिवहन निगम एवं अपर सचिव रीना जोशी तथा परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।



