राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर एक साथ जलाए 26 लाख 11 हजार 101 दीये
नया विश्व कीर्तिमान बना, सीएम योगी ने हेलीकॉप्टर से उतरे राम-लक्ष्मण और सीता का किया स्वागत

लखनऊ: अयोध्या में दीपोत्सव की धूम है। रविवार को राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर एक साथ 26 लाख 11 हजार 101 दीये जलाए गए हैं। इसी के साथ नया विश्व कीर्तिमान भी बन गया है। इसके अलावा सरयू तट पर 2100 वेदाचार्य महाआरती करेंगे। वहीं 1100 ड्रोन के जरिए विशेष शो भी हुआ। साकेत महाविद्यालय से झांकियों और शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सीएम योगी ने शोभायात्रा का रथ भी खींचा। उन्होंने हेलीकॉप्टर से उतरे राम-लक्ष्मण और सीता का स्वागत किया।
अयोध्या में सीएम योगी ने कहा कि मैं प्रदेशवासियों को दीपोत्सव 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। दीपोत्सव के इस कार्यक्रम के माध्यम से हमने उत्तर प्रदेश की एक पहचान बनाने का प्रयास किया है। नागरिकों की पहचान से समझौता न हो और कोई भी उनकी आस्था से खिलवाड़ न हो इसके लिए डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से निरंतर प्रयास किए गए हैं।
अयोध्या में दीपोत्सव समारोह के दौरान बनाए गए दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बने। इसके प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। एक साथ सबसे ज्यादा दीये जलाने का विश्व कीर्तिमान बना, जबकि अयोध्या जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से 26,17,215 तेल के दीयों की सबसे बड़ी प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। वहीं प्रमाण पत्र लेने के दौरान सीएम योगी काफी खुश दिखाई दे रहे थे।