बर्फ से ढके केदारनाथ धाम में फहराया गया तिरंगा, 11,755 फीट की ऊंचाई पर धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस
पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने केदारनाथ धाम में तिरंगा फहराया, भारत माता की जय के नारों से गूंजा केदारनाथ

रुद्रप्रयाग: बाबा केदार के धाम केदारनाथ में आज अधिकतम तापमान -10° और न्यूनतम तापमान -16° सेल्सियस है। इसके बावजूद वहां तैनात पुलिस और आईटीबीपी के जवानों का जोश और जज्बा हिलोरे मार रहा है। समुद्र तल से लगभग 3,583 मीटर (11,755 फीट) की ऊंचाई पर स्थित विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया।
बाबा के धाम केदारनाथ में गणतंत्र दिवस समारोह: चारों ओर बर्फ की सफेद चादर, शून्य से कई डिग्री नीचे तापमान और लगातार हो रही भारी बर्फबारी के बीच केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने अदम्य साहस और राष्ट्रप्रेम की मिसाल पेश की। कड़ाके की ठंड और माइनस तापमान की परवाह किए बिना वीर जवानों ने बाबा केदार की पावन भूमि पर तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराई।
पुलिस और आईटीबीपी के जवानों ने मनाया गणतंत्र दिवस: गौरतलब है कि ये जवान दिन-रात विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद पूरी मुस्तैदी से डटे हुए हैं। बर्फ हटाने से लेकर धाम की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक हर जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से निभा रहे हैं। केदारनाथ धाम में जवानों का यह साहस, कर्तव्यपरायणता और देशभक्ति पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।
अभी केदारनाथ यात्रा का है शीतकालीन अवकाश: गौरतलब है कि केदारनाथ धाम उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है। इसकी समुद्र तल से ऊंचाई 11,755 फीट है। यहां गर्मियों के 6 महीने चारधाम यात्रा के तहत बाबा केदार के दर्शन होते हैं। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओ बाबा के दर्शन करने आते हैं। सर्दियों के 6 महीने बाबा केदार के कपाट बंद रहते हैं। इन दिनों में पुलिस और आईटीबीपी सुरक्षा के लिए यहां तैनात रहती है। इन दिनों केदारनाथ में बर्फबारी हो रही है। धाम में 4 फीट से ज्यादा ऊंची बर्फ जमी है।



