#uttarakhand newsउत्तराखंडबिजली-पानी

उत्तराखंड में बिजली फिर महंगी, यूपीसीएल ने बढ़ाई दरें 

देहरादून: ऊर्जा निगम ने फरवरी महीने के लिए बिजली की नई दरें जारी कर दी हैं, जिसके बाद उत्तराखंड में लाखों बिजली उपभोक्ताओं को झटका लगने वाला है। यूपीसीएल में फ्यूल एंड पावर परचेज कास्ट एडजस्टमेंट (एफपीपीसीए) की दरों में चार पैसे से 15 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ोतरी की है। ऊर्जा निगम की ओर से बिजली की नई दरें एमडी यूपीसीएल अनिल कुमार के अनुमोदन के बाद जारी की गई हैं।

बता दें यूपीसीएल द्वारा की गई वृद्धि फरवरी महीने में लागू होगी। इसका असर मार्च के महीने में मिलने वाले बिल में दिखाई देगा। जनवरी 2025 से जनवरी 2026 के बीच सिर्फ तीन बार बिल सस्ते हुए और 10 महीना में दरों में वृद्धि की गई है। दिसंबर 2025 में 1 से 5 पैसे, नवंबर में तीन से 14 पैसे और जुलाई में 24 से 100 पैसे प्रति यूनिट दरें घटी थी। इसके विपरीत जनवरी 2025 में 4 से 12 पैसे, फरवरी में 9 से 28 पैसे, जून में 17 से 71 पैसे, अगस्त में 5 से 21 पैसे,सितंबर में 8 से 33 पैसे और अक्टूबर में 6 से 26 पैसे प्रति मिनट तक बढ़ोतरी हुई थी।

ऊर्जा निगम ने दावा किया था कि मासिक समायोजन से 1 अप्रैल से लागू होने वाली दरों में अतिरिक्त बढ़ोतरी नहीं की जाएगी, लेकिन 1 अप्रैल 2025 से वार्षिक दरों में 5.6 प्रतिशत वृद्धि लागू की गई, जिससे उपभोक्ताओं पर दोहरा आर्थिक भार पड़ गया। यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार का कहना है कि घरेलू बिजली घरों में 10 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। नई एफपीपीसीए दरों के तहत बीपीएल श्रेणी में 0.4 पैसे,घरेलू उपभोक्ताओं पर 10 पैसे,कमर्शियल श्रेणी में 14 पैसे, सरकारी संस्थाओं के लिए 13 पैसे, निजी ट्यूबवेल पर 0.4 पैसे और कृषि श्रेणी में 0.7 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि हुई है।

साथ ही उद्योगों के लिए 13 पैसे, मिक्स लोड में 12 पैसे, रेलवे के लिए 12 पैसे,ईवी चार्जिंग स्टेशनों पर 12 पैसे और अस्थाई कनेक्शन पर सबसे अधिक 15 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी लागू की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button