अंत्येष्टि में शामिल होकर लौट रहे लोगों की कार दुर्घटनाग्रस्त, आठ की मौत

हरिद्वार/नई टिहरी: टिहरी के भिलंगना ब्लॉक में नैलचामी क्षेत्र के चकरेड़ा गांव से 10 लोग हरिद्वार अंत्येष्टि में गए थे। लौटते समय दोपहर करीब 2.15 बजे वाहन चंबा-कोटीकॉलोनी मोटर मार्ग पर नैल गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही चंबा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने खाई में उतर कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दो घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया जबकि वाहन सवार आठ अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वाहन दुर्घटना की सूचना मिलने पर डीएम नितिका खंडेलवाल, विधायक किशोर उपाध्याय, एसएसपी श्वेता चौबे और सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचवाया।
एसएसपी ने बताया कि हादसे में आशा लाल (40) पुत्र अषाडू निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना टिहरी, विजय लाल (36) पुत्र भुरखिलिया निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना, प्रेमलाल (60) पुत्र संतूलाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घटनसाली, महावीर (60) पुत्र विशु लाल निवासी चकरेड़ा घनसाली, शिव सिंह (35) पुत्र पुष्कर सिंह वाहन चालक ग्राम होल्टा घनसाली, सोहन लाल (65)गोपाल निवासी ग्राम चकरेड़ा घनसाली, लक्ष्मण (65) पुत्र मुरखिलिया निवासी चांजी घनसाली और राहुल (25) पुत्र हरीश लाल निवासी ग्राम लडियासू रूद्रप्रयाग की मौत हो गई।
वहीं, दुर्घटना में घायल उत्तम कुमार (36) पुत्र पुस्सू मास्टर निवासी ग्राम लोस्तू बडियारगढ़ कीर्तिनगर टिहरी गढ़वाल और अंकित लाल (22) पुत्र आशा लाल निवासी ग्राम ठेला नैलचामी भिलंगना टिहरी को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है।
जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजे गए हैं। सीएमएस डाॅ. अमित राय ने कहा कि प्राथमिक उपचार के बाद अंकित को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है जबकि उत्तम की स्थिति खतरे से बाहर है। दुर्घटना वाले स्थान पर काफी ढलान और तीखा मोड है लेकिन दुर्घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी।



