दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में छापा, सड़ी-गली सब्जियां मिली, रेस्टोरेंट सील, नोटिस जारी
देहरादून : आमजन एवं विशिष्ट अतिथियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट पर आकस्मिक छापा मारा गया।
निरीक्षण के दौरान रसोईघर और स्टोर में भारी अनियमितताएं, सड़ी-गली सामग्री और कॉकरोच-चूहों की मौजूदगी मिलने पर रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है।
छापेमारी और निरीक्षण के मुख्य खुलासेसड़ी-गली और बासी सामग्री: फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू सड़ी-गली अवस्था में पाए गए। इसके अलावा, दो दिन पुराने चावल, 2-3 दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन सामग्री भी बरामद हुई।
कॉकरोच और चूहों का आतंक: रसोईघर, मसाला भंडारण अलमारी और स्टोर रूम में भारी संख्या में कॉकरोच और चूहे घूमते पाए गए। मसालों की कई थैलियां चूहों द्वारा कुतरी हुई मिलीं।
बदहाल स्वच्छता व्यवस्था: बर्तन धुलाई क्षेत्र में 3-4 दिन पुराने जूठे बर्तन, भारी गंदगी, कचरा और जाम नालियां मिलीं। कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण और वॉटर टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी।
सामग्री का विनिष्टीकरण: मौके पर 05 किलो बासी चावल, 15 किलो सड़ी सब्जियां, 2 किलो मोमोज और बासी चिकन करी को नष्ट कराया गया, तथा पनीर, दूध व चिकन करी के नमूने जांच हेतु लिए गए।
अधिकारियों के कड़े निर्देश
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्रीमती सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में, जहां VVIP और गणमान्य अतिथियों का आना-जाना रहता है, इस तरह की गंभीर लापरवाहियां उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हैं।
रेस्टोरेंट स्वामी अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में साफ-सफाई, पेस्ट कंट्रोल, ड्रेनेज सुधार और मानकों को पूरा न करने पर लाइसेंस निलंबन की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



