#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

देहरादून में 33 स्थानों पर मॉक ड्रिल, आठ घायलों का किया रेस्क्यू

आपदा प्रबंधन दिवस पर परखी गई विभागों की तैयारियां, वनाग्नि से लेकर भूकंप और सड़क हादसों से निपटने का अभ्यास

देहरादून: आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को देहरादून जिले में 33 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। आपदा प्रबंधन दिवस पर हुए इस अभ्यास में विभिन्न विभागों ने प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखा।

वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के चुनौतीपूर्ण अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इसी रेस्क्यू अभियान की स्मृति में प्रतिवर्ष 28 नवंबर को आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।

जिले में दून अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल, आशारोड़ी, मसूरी, ऋषिकेश, सेलाकुई, कालसी और चकराता समेत 33 स्थानों पर अभ्यास हुआ। इसमें भूकंप, बादल फटना, अचानक बाढ़, भूस्खलन, आग, भगदड़, सुरंग दुर्घटना और रोपवे में पर्यटकों के फंसने जैसी परिस्थितियां तैयार की गईं। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों की लाइव निगरानी भी की गई।

आशारोड़ी में आठ घायलों को बचाया

आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास सड़क दुर्घटना का अभ्यास किया गया। इसमें आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया। दो गंभीर घायलों को श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया। डीजल रिसाव से आग लगने की आशंका को नियंत्रित करने और क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने का भी अभ्यास हुआ।

वनाग्नि नियंत्रण का भी अभ्यास

चकराता और कालसी वन प्रभाग की विभिन्न रेंज में वनाग्नि से निपटने का अभ्यास किया गया। आग फैलने पर अतिरिक्त टीमें और घायल वनकर्मी के लिए मेडिकल टीम भेजने की कार्रवाई की गई।

अभ्यास के बाद रेस्क्यू टीमों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने कमियों को दूर कर आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button