पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ केस दर्ज

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर की रुद्रपुर कोतवाली में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि 2025 के निकाय चुनाव के दौरान एक ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था। आरोप है कि ऑडियो क्लिप में पूर्व विधायक द्वारा कांग्रेसी नेत्री और उनके पति के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। आज धरने के बाद कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
उत्तराखंड में साल 2025 के निकाय चुनाव से ठीक पहले रुद्रपुर की पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा से जुड़ा एक आपत्तिजनक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा ने रुद्रपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन एक साल बीत जाने के बावजूद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए आज पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा समर्थकों संग रुद्रपुर कोतवाली परिसर में सांकेतिक धरने पर बैठ गईं।
इस दौरान धरने पर बैठीं कांग्रेस महिला नेता मीना शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले उनकी छवि को खराब करने के उद्देश्य से जानबूझकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक ऑडियो वायरल किया गया था, जिसकी शिकायत उन्होंने समय रहते पुलिस को दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक साल बीत जाने के बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उन्हें मजबूरन धरने का रास्ता अपनाना पड़ा। मीना शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगी। धरने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष बिष्ट ने मीना शर्मा से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज: रुद्रपुर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, मीना शर्मा की तहरीर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ धारा 352 और 79 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।



