गुलदार ने नेपाली मूल के व्यक्ति को बनाया निवाला
पौड़ी जिले में नहीं थम रहा गुलदार का आतंक, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

पौड़ी: पौड़ी जिले में गुलदार का आतंक कम नहीं हो रहा है। गुरुवार को गुलदार ने बाड़ा गांव में नेपाली मूल के एक व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, गुलदार के हमले की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश भड़क उठा और उन्होंने वन विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि बाड़ा के पास स्थित गांव गजल्ड में भी पहले गुलदार के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं। उस समय गुलदार को शूट किए जाने के बाद कुछ समय तक लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन अब एक बार फिर गुलदार की सक्रियता से लोगों में डर का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग का घेराव करते हुए इस गुलदार को भी तत्काल शूट करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि जब तक गुलदार को मारने का आदेश नहीं दिया जाता, तब तक शव को मौके से ले जाने नहीं दिया जाएगा।
घटना के बाद से क्षेत्र में लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि, ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
बाड़ा गांव में गुलदार ने नेपाली मूल के व्यक्ति को बनाया निवाला: जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को बाड़ा गांव में गुलदार के हमले में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान लक्ष्मण (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि लक्ष्मण मकर संक्रांति पर्व के चलते सुबह नहाने के लिए घर से निकले थे, तभी सड़क किनारे घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें अपना निवाला बना लिया। गुलदार उसे सड़क से काफी दूर जंगल की ओर घसीट ले गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, जहां गुस्साए ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया। उधर, इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
नौनिहालों की सता रही चिंता: ग्रामीणों का कहना है कि आज से बच्चों के स्कूल खुल चुके हैं, लेकिन गुलदार के आतंक के चलते बच्चों का स्कूल आना-जाना और ग्रामीणों का अपनी आजीविका के लिए खेतों में जाना बेहद जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों की एकमात्र मांग है कि गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे शूट करने के आदेश जारी किए जाएं और क्षेत्र में शूटर की तैनाती की जाए, ताकि, लोगों को दहशत से निजात मिल सके।
घटनास्थल पर की जा रही सैंपलिंग: उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है, वहां विभागीय प्रक्रिया के तहत सैंपलिंग की जा रही है। उच्च अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
“गुलदार को शूट करने की मांग ग्रामीणों की ओर से की रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है। जैसे ही उच्च स्तर से आदेश मिलेंगे, उसी अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
– महतिम यादव, डीएफओ पौड़ी



