एसआईआर की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारियों की बैठक ली
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने वीसी के माध्यम से ली बैठक

देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को सचिवालय में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों, बीएलए की नियुक्ति एवं निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।
सीईओ ने निर्देश दिए कि डीएम, ईआरओ और बीएलओ मतदाताओं के बीच अपनी पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर एक हेल्प डेस्क का गठन किया जाए ताकि जो लोग उत्तराखण्ड की 2003 मतदाता सूची में अपनी जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं, उन्हें मदद मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि जो मतदाता वर्तमान में दूसरे स्थानों पर शिफ्ट हो गए हैं, उनसे बीएलओ व्यक्तिगत रुप से संपर्क कर उन्हें चिह्नित करें। उन्होंने कहा कि इस पूरी तैयारी का उद्देश्य यह है कि मतदाताओं को एसआईआर के समय किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो। सीईओ ने सभी मतदान केंद्रों में बोथ अवर्नेस ग्रुप (बीएजी) का गठन करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री प्रकाश चंद्रा,उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित सभी जनपदों के डीएम वर्चुअल रुप से शामिल रहे।



