#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरपीसीएस/सिविल सेवा परीक्षाप्रेरणादायक/मिसाल

चंपावत के अनुज पंत का कमाल, यूपीएससी में 69वीं रैंक की हासिल 

देहरादून/खटीमा: चंपावत जिले के बाराकोट क्षेत्र के मूल निवासी अनुज पंत ने देश की प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा में जिले का नाम रोशन करते हुए 69वीं रैंक हासिल की है। अनुज ने इससे पहले भी यूपीएससी परीक्षा को क्रैक कर 345वी रैंक हासिल कर थी। तब उनका सिलेक्शन आईपीएस में हुआ था, लेकिन इससे वो संतुष्ट नहीं थे, इसीलिए उन्होंने फिर से यूपीएससी का एग्जाम दिया और इस बार उनकी 69वीं रैंक आई।

अनुज मूल रूप से चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक के ग्राम पंचायत छुलापे के रहने वाले है। हालांकि लंबे समय से उनका परिवार यूपी से गाजियाबाद में रह रहा है। अनुज की प्रारंभिक शिक्षा भी गाजियाबाद में ही हुई है, फिलहाल अनुज की उपलब्धि से उनके गांव में खुशी का माहौल है।

बताया जा रहा है कि यह अनुज पंत की दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया 345वीं रैंक हासिल की थी, जिसके आधार पर उनका चयन भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए हुआ था। अब उन्होंने अपनी रैंक में बड़ा सुधार करते हुए ऑल इंडिया 69वीं रैंक प्राप्त कर नई उपलब्धि हासिल की है।

अनुज पंत ने अपनी उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से बीएससी की डिग्री लेकर पूरी की है। उनके पिता दिनेश चंद्र पंत गाजियाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि माता नीमा पंत गृहिणी हैं। अनुज की इस सफलता की खबर मिलते ही चम्पावत जनपद सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अनुज पंत व उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

—————–

चंपावत जिले के लोहाघाट की अनुप्रिया राय ने तीसरी बार भी पास की यूपीएससी परीक्षा, वर्तमान में समुद्रम में प्रशिक्षण ले रहीं अनुप्रिया

चंपावत: लोहाघाट के कलीगांव के टूड़ा तोक की बेटी अनुप्रिया राय ने मेहनत और लगन से देश की प्रतिष्ठित परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के सिविल सेवा परीक्षा में इतिहास रच नया कीर्तिमान बनाया है। अनुप्रिया ने लगातार तीसरी बार इस परीक्षा को क्रैक किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। वर्तमान में अनुप्रिया राय पाल समुंद्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

अनुप्रिया ने हासिल की 258वीं रैंक: बता दें कि चंपावत जिले के लोहाघाट नगर के पास कलीगांव के टूड़ा तोक निवासी अनुप्रिया राय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. अनुप्रिया ने इस बार ऑल इंडिया रैंक 258वीं हासिल की है। लगातार तीसरी बार यूपीएससी परीक्षा पास करने की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।


ट्रक ड्राइवर की बेटी बनेगी अफसर

रुड़की: यूपीएससी यानी संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम जारी कर दिए हैं, जिसमें उत्तराखंड की ट्रक ड्राइवर की बेटी ने भी अपनी मेहनत के बदौलत सफलता का कदम चूमा है। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र की रहने वाली फैरूज फातिमा ने सिविल सेवा परीक्षा में 708 वां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

फातिमा के पिता पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। फातिमा की इस सफलता से क्षेत्र और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, वैसे ही परिजनों और रिश्तेदारों समेत स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया है।

फातिमा ने हासिल की 708वीं रैंक: दरअसल, मेहनत और हौसले के दम पर पिरान कलियर निवासी ट्रक ड्राइवर इकबाल अहमद की बेटी फैरूज फातिमा ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर प्रशासनिक अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया है।

पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं फैरूज फातिमा के पिता: फैरूज फातिमा के पिता इकबाल अहमद पेशे से एक ट्रक ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। साथ ही हर परिस्थिति में उसका हौसला बढ़ाया।

—————-

अनुज अग्निहोत्री ने किया यूपीएससी में टॉप

नई दिल्ली : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा शुक्रवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में अनुज अग्निहोत्री ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। राजेश्वरी सुवे एम और अकांश ढुल ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

आयोग ने बताया कि कुल 958 उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सिविल सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है। सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी द्वारा भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के अधिकारियों के चयन के लिए प्रतिवर्ष तीन चरणों – प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार में आयोजित की जाती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button