मुख्यमंत्री धामी के खाते में जुड़ी एक और उपलब्धि
-38वें राष्ट्रीय खेल के सफल आयोजन से उत्तराखंड के खिलाड़ियों का भी बढ़ा मनोबल - विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों के साथ खिलाड़ियों के बीच रिश्ते की डोर भी हुई मजबूत -नाश्ते की टेबल पर दक्षिण भारत के वड़ा सांभर के साथ उत्तराखंडी झोली-भात तो पंजाबी राजमा का खिलाड़ियों ने उठाया लुत्फ

देहरादून: यूसीसी के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खाते में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में 38वें राष्ट्रीय खेल का सफल आयोजन उत्तराखंड के खिलाड़ियों, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी गौरव का विषय बना। यह आयोजन इसलिए भी खास बन गया, क्योंकि पहली बार राज्य ने पदक तालिका में शतक लगाया। देशभर से आए 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों, कोच और अधिकारियों में यहां न केवल प्रतिस्पर्धा रही, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों से परिचित होकर उन्होंने एक नई पहचान भी बनाई।
——————-
विविधता में एकता का उत्सव
यह आयोजन भारतीय विविधता के बीच एकता का उत्सव बन गया। जहां भाषा, परंपराओं और खानपान की दीवारें टूट गई हैं और सब एक बड़े परिवार की तरह जुड़ गए। नाश्ते की टेबल पर दक्षिण भारत के वड़ा सांभर के साथ उत्तराखण्डी झोली-भात और पंजाबी राजमा एक साथ परोसे जा रहे थे। महाराष्ट्र, असम और केरल के खिलाड़ी एक ही टेबल पर बैठकर नए स्वादों का अनुभव कर रहे थे। भोजन के दौरान वे अपने-अपने राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के बारे में चर्चा करते, जिससे एक अनोखा सांस्कृतिक आदान-प्रदान हुआ।
————–
दोस्ती और भाईचारे की बनी अनगिनत कहानियां
खेलों से परे, रिश्तों की डोर मजबूत हुई मैदान पर भले ही खिलाड़ी अपने-अपने राज्यों के लिए खेल रहे हों, लेकिन मैदान के बाहर दोस्ती और आपसी भाईचारे की अनगिनत कहानियां भी बनीं। बैडमिंटन कोर्ट पर एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे खिलाड़ी, शाम को फैन पार्क में साथ बैठकर हंसी-मजाक करते दिखते थे। हमने एक ऐसा भावनात्मक क्षण भी देखा, जो इन खेलों की आत्मा को दर्शाता है। डाइनिंग हॉल में काम करने वाले एक वॉलंटियर की कुछ खिलाड़ियों से गहरी दोस्ती हो गई थी। जब उन खिलाड़ियों का खेल समाप्त हुआ और वे वापस लौटने लगे, तो विदाई का पल भावुक कर देने वाला था। वॉलंटियर ने उन्हें गले लगाया, उनकी आंखों में आंसू थे, और खिलाड़ी भी इस पल को जीभरकर महसूस कर रहे थे। यह सिर्फ एक औपचारिक विदाई नहीं थी, बल्कि उन रिश्तों की निशानी थी, जो इन खेलों ने बनाए।
——————
कहीं भांगड़ा तो कहीं झोड़ा की हुई प्रस्तुति
फैन पार्क में लोकनृत्य और संगीत के सुरों से जुड़ा भारत हर शाम फैन पार्क में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जहां विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी और अधिकारी न केवल दर्शक बनकर, बल्कि कलाकार बनकर भी शामिल हुए। जब उत्तराखंड के कलाकारों ने झोड़ा की प्रस्तुति दी, तो महाराष्ट्र, बंगाल और केरल के खिलाड़ियों ने भी कदम से कदम मिला दिया। इसके बाद जब भांगड़ा की धुन बजी, तो फैन पार्क पंजाबी जोश से गूंज उठा। तमिलनाडु और असम के खिलाड़ी भी ढोल की थाप पर झूमने लगे। यह वही क्षण था, जब लगा कि भारत की विविध संस्कृतियां एक-दूसरे में घुल-मिल रही हैं, एक नई ऊर्जा, एक नई पहचान बना रही हैं।
——————
उत्तराखंड की परंपराओं से भी हुए परिचित
खिलाड़ी केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रहे, बल्कि वे उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराओं को भी करीब से देखा। कुछ खिलाड़ी स्थानीय बाजारों से पहाड़ी टोपी और पारंपरिक वस्त्र खरीद रहे थे ,तो कुछ गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक अनुभूति का अनुभव किया। उत्तराखंड के स्थानीय व्यंजन भी खिलाड़ियों ने खूब पसंद किए।
———————
राष्ट्रीय एकता की मिसाल बना यह आयोजन
38वें राष्ट्रीय खेल ने यह साबित कर दिया कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह एक ऐसा मंच है जहां संस्कृतियां आपस में मिलती हैं, दोस्ती के नए रिश्ते बनते हैं और देश की एकता को और अधिक मजबूती मिलती है। यह आयोजन न केवल पदकों तक सीमित रहेगा, बल्कि यहां बने नए रिश्ते, आपसी समझ और सांस्कृतिक जुड़ाव भारत की विविधता में एकता के भाव को और अधिक सशक्त बनाएंगे। उत्तराखण्ड की धरती पर हुआ यह आयोजन आने वाले वर्षों तक खेलों के जरिए राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता रहेगा।