#uttarakhand newsउत्तराखंडकानूनक्राइम

कार सवारों के बीच गोलीबारी में मार्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर की मौत 

- राजधानी देहरादून में मसूरी रोड पर हुई घटना, ओवरटेकिंग को लेकर हुआ था कार सवारों में विवाद, दून बना अपराधियों का गढ़, लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाएं

देहरादून: राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मामूली ओवरटेकिंग के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसका खामियाजा एक निर्दोष राहगीर को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ा। मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया।

आरोपियों द्वारा कार रोकने के लिए चलाई गई गोली दुर्घटनावश मॉर्निंग वॉक कर रहे एक व्यक्ति को जा लगी। उस व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे की है। कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित राजपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में बदल गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में सवार व्यक्तियों ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से उसके टायरों पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रिटायर्ड ब्रिगेडियर 70 साल के थे। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

इस घटना के बाद रिटायर्ड फौजी अफसर के घर में शोक की लहर तो स्थानीय लोगों में बेहद गुस्सा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button