आपराधिक घटनाओं पर सीएम धामी सख्त
-पुलिस मुख्यालय का किया औचक निरीक्षण, कहा, देवभूमि का माहौल किसी भी सूरत में न बिगड़े, जनसांख्यिकी बदलाव को लेकर चलाएंगे सत्यापन अभियान

देहरादून: राज्य में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से नाराज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को अचानक पुलिस मुख्यालय पहुंचे और पुलिस अधिकारियों की न केवल क्लास ली, बल्कि कई फाइलें भी खंगाली। साफ कहा कि देवभूमि का माहौल किसी भी सूरत में बिगाड़ना नहीं चाहिए। उन्होंने एडीजी स्तर के अधिकारियों से केसों की प्रगति के बारे पूछा।
बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से सचिवालय की ओर निकले मुख्यमंत्री अचानक से पुलिस मुख्यालय पहुंच गए। मुख्यमंत्री के अचानक मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के होश उड़ गए। मुख्यमंत्री ने मुख्यालय पहुंचकर सभी कार्यालयों व अनुभागों का औचक निरीक्षण किया है व वहां की कार्यप्रणाली का जायजा भी लिया।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि का स्वरूप किसी भी रूप में बिगड़ना नहीं चाहिए, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। जनसांख्यिकी बदलाव पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर जल्द सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। पुलिस व गृह मंत्रालय इस पर काम करेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी को लेकर लगातार कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई तब तक चलेगी जब तक व्यवस्था पटरी पर नहीं आ जाती। आपराधिक घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर सख्ती से करवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के लिए अच्छे आवास बने, ट्रेनिंग समय-समय पर अच्छी हो, अधिकारी थानों में जाकर व्यवस्थाओं को देखें। इसको लेकर आदेश जारी किए गए हैं। डीजीपी को आदेशित किया गया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए व यातायात व्यवस्था ठीक की जाए। आने वाले समय मे पुलिस अच्छा काम करेगी।