देश में गठबंधन युग की हो रही वापसी
कोई भी पार्टी अकेले नहीं छू पाई बहुमत का आंकड़ा, सहयोगियों के भरोसे बनेगी केंद्र में सरकार

देहरादून: भाजपा 543 सदस्यों वाली लोकसभा में बहुमत के लिए आवश्यक 272 का जादुई आंकड़ा भले ही अपने बूते नहीं जुटा पाई, लेकिन अपने सहयोगियों की मदद से केंद्र में उनकी लगातार तीसरी बार सरकार बनना तय है। फिलहाल एनडीए को 294 जबकि विपक्षी गठबंधन इंडिया को 234 सीटें हासिल हुई हैं। भाजपा ने अकेले 242 जबकि कांग्रेस ने 99 सीटें जीती हैं। नतीजे इस बात की भी तस्दीक कर रहे हैं कि किसी एक दल को बहुमत देने के पिछले एक दशक के जनादेश में बदलाव आया है और एक बार फिर देश की राजनीति में गठबंधन युग की वापसी हो रही है।
———————————–
कई बड़े फैसले लेने का वक्त है: नरेंद्र मोदी
विकसित भारत के लिए जमकर मेहनत करेंगे, राष्ट्रहित के लिए एकजुट आगे बढ़ने का समय है, विकसित भारत के लिए कई बड़े फैसले लेने का वक्त है, छह दशक के बाद देश के मतदाताओं ने एक नया इतिहास रचा है। छह दशक बाद किसी गठबंधन को, एनडीए को लगातार तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है। यह लोकतंत्र की बहुत बड़ी शक्ति है। आपका आशीर्वाद नया उत्साह, काम करने की उर्जा देने वाला है। कहा कि हमारे विरोधी एकजुट होकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाए, जितनी बीजेपी ने अकेले अपने दम पर जीती है। लेकिन हम सभी भारतीय मिलकर साथ चलेंगे, तीसरे कार्यकाल में बड़े फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा और ये मोदी की गारंटी है।
—————————–
कुछ लोग 30-40 सीट जीतकर झूम रहे हैं: नड्डा
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि इस समय कुछ लोग 30-40 सीट जीतकर झूम रहे हैं, उन्हें यह नहीं पता कि एनडीए ने क्या हासिल किया है। पहली बार ओडिशा में सरकार बनाई है, विशुद्ध बीजेपी की सरकार बनी है, जिस केरल में कभी दूर-दूर तक नहीं थे, वहां भी खाता खुल गया है, कमल खिला है। कई राज्यों में वोट शेयर बढ़ चुका है।
लोगों ने संविधान बचाने के लिए वोट किया: राहुल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव नतीजों के बाद कहा कि भाजपा 400 पार तो दूर अपने बूते बहुमत का आंकड़ा भी नहीं छू पाई। कहा कि इस बार लोगों ने संविधान बचाने के लिए वोट किया है। जेडीयू और टीडीपी के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावनाओं पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “जैसा हमने पहले कहा कि हम इंडिया गठबंधन के हमारे साथियों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकेगा। हम अपने गठबंधन के दलों से बात किए बिना हम इस पर कोई बयान नहीं देना चाहते। मैं दोनों सीटों पर जीता हूं। वायनाड और रायबरेली के मतदाताओं को दिल से धन्यवाद देता हूं…थोड़ा समय लूंगा और तय करूंगा कि कौन सी सीट पर रहूंगा। अभी निर्णय नहीं लिया है।
—————
इस बार ईवीएम ठीक है क्या: धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की पांचों सीटों पर बेहतर प्रदर्शन के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस बार। ईवीएम ठीक है क्या…?
प्रधानमंत्री मोदी इस्तीफा दें: ममता
मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री ने बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं किया। प्रधानमंत्री अपनी साख खो चुके हैं, उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए क्योंकि उन्होंने कहा था कि इस बार 400 पार। मैने आपसे कहा था कि 200 पार भी होगा या नहीं पता नहीं। अब उन्हें TDP और नीतीश कुमार के पैर पकड़ने होंगे।
————–
लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है: हरीश रावत
उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी पांचों लोकसभा सीट हार गई है लेकिन यूपी सहित कई राज्यों में कांग्रेस के प्रदर्शन से पार्टी के कार्यकर्ता आगे हैं। उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है। हमारे गठबंधन के लिए वोट किया। जिन लोगों ने चार सौ पार का नारा दिया, अब वो अब 272 का आंकड़ा टच करने के लिए महाभारत कर रहे हैं।