नालूपानी के पास पहाड़ी से लगातार भूस्खलन, वाहनों की लंबी कतार

उत्तरकाशी: जनपद में लगातार बारिश का दौर जारी है। भारी बारिश के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह पर भूस्खलन और भू धंसाव के चलते बंद हो गया, जिससे आम लोगों को आने जाने में भारी दिक्कतें आ रही है। वहीं गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी के पास पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे हाईवे के दोनों और गाड़ियों की लंबी लाइन लगी हुई है। वहीं रुक-रुक कर हो रही बारिश से बीआरओ को हाईवे खोलने में भारी दिक्कतें आ रही हैं। लोग हाईवे के दोनों ओर फंसे हुए हैं और मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है। कई संपर्क मार्ग बारिश से लगातार बाधित हो रहे हैं, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। वहीं सोमवार सुबह गंगोत्री हाईवे गंगोत्री हाईवे सैंज, नलूणा और नालूपानी के पास बंद हो गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नालूपानी के पास पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने से पत्थर और बोल्डर आ रहे हैं, जिससे यहां पर यातायात पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ। हाईवे पर दोनों और गाड़ियों की लाइन लगी हुई है। यमुनोत्री हाईवे जगह जगह सड़क धंसने और चट्टानी मलबा बोल्डर आने से वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पा रही है।
यमुना धाम समेत अन्य गांव के ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय में अपना रोजमर्रा काम करने के लिए कई किमी दूर पैदल चलकर आना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने एनएच विभाग से जल्द ही यमुनोत्री हाईवे खोलने की मांग की, ताकि ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय तक आने कोई दिक्कतें ना हो। वहीं एनएस के ईई मनोज रावत का कहना है कि लगातार कटाव व चट्टान से मलबा बोल्डर गिरने से बार बार दिक्कत हो रही है, फिर भी मार्ग को दुरुस्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर स्याना चट्टी में यमुना नदी पर बन रही झील से उत्पन्न समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।