#uttarakhand newsउत्तराखंडकानूनकार्रवाईधरना-प्रदर्शन

दुकान का नाम बाबा रखने पर विवाद, हंगामा 

मुस्लिम बुजुर्ग के पक्ष में आगे आया हिंदू युवक 

देहरादून: उत्तराखंड के कोटद्वार में 26 जनवरी को एक मामूली सा दिखने वाला विवाद उस वक्त बड़ी बहस में बदल गया जब बजरंग दल से जुड़े कुछ युवक एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान पर पहुंचे और दुकान के नाम को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप था कि दुकान का नाम बाबा रखा गया है। कोटद्वार में सिद्धबली बाबा हिंदुओं के आराध्य देवता हैं। बुजुर्ग दुकानदार पर दबाव बनाते हुए युवकों ने नाम बदलने को लेकर हंगामा किया। इस हंगामे के बीच अचानक एक युवक की एंट्री होती है। इस युवक की एंट्री ने इस पूरे मामले का रुख ही बदल दिया।

अकेले भीड़ से टकराया शख्स: बजरंग दल की भीड़ से भिड़ने वाला ये युवक कोटद्वार का रहने वाला जिम ट्रेनर दीपक है। दीपक ने कोटद्वार बाबा विवाद में बजरंग दल का विरोध किया। दीपक ने साफ शब्दों में कहा कि बाबा शब्द किसी एक धर्म की बपौती नहीं है। इस बीच बहस बढ़ती है। आवाजें तेज होती चली गई। इसी बीच बजरंग दल के लोगों ने दीपक से उसका नाम पूछा. जिस पर उसका जवाब महफिल लूट गया। ‘मेरा नाम मोहम्मद दीपक है…यह जवाब सुनते ही माहौल और गर्म हो जाता है।

दुकानदार मुस्लिम, तो उसका क्या कसूर? हंगामे के बीच दीपक भीड़ से सवाल करता है कि अगर दुकानदार मुस्लिम है तो उसका कसूर क्या है? मुसलमानों में भी पीर बाबा होते हैं। यह दुकान 30 साल से ज्यादा समय से चल रही है। आज तक किसी को कोई आपत्ति नहीं हुई। तेज बहस और धक्का मुक्की के बीच भी दीपक बुजुर्ग दुकानदार के साथ खड़ा रहता है। वह बेखौफ होकर दुकान चलाने की बात कहता है।

भीड़ के दबाव में मुस्लिम बुजुर्ग यह कहते सुनाई देते हैं कि अगर किसी को आपत्ति है तो वह दुकान का नाम बदल देंगे। इस पर दीपक इस मनमानी और बदमाशी का विरोध करता है। वह सवाल उठाता है कि कोटद्वार में कई दुकानों के नाम बाबा पर हैं तो फिर सिर्फ इसी दुकान को क्यों निशाना बनाया जा रहा है?

मजबूर के पक्ष में खड़े नजर आये दीपक: इस घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा होता है। बजरंग दल के युवक दीपक से भिड़ते रहते हैं। वो दीपक से उसके बारे में जानकारी मांगते हैं। इस बीच दीपक बड़े ही सब्र से सबकी बातों का जवाब देते हैं। साथ ही वह इंसानियत की बात करते हुए मजबूर के पक्ष में हमेशा खड़े होने की बात कहता है‌।

पेशे से जिम ट्रेनर हैं दीपक: कोटद्वार में हुये इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ, जिसके बाद दीपक की तलाश होने लगी। सभी इस नौजवान को ढूंढने लगे। बाद में पता चला कि युवक का असली नाम दीपक कुमार है। दीपक पेशे से जिम ट्रेनर है।

दीपक कुमार ने बताया कि, ‘मैंने जानबूझकर अपना नाम मोहम्मद दीपक बताया। इंसान सबसे बड़ा होता है चाहे वह हिंदू हों या मुसलमान। मेरा विरोध धर्म से नहीं उस सोच से था जो एक बुजुर्ग को डराने की कोशिश कर रही थी।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सख्त: पटेल नगर मार्ग की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग दीपक कुमार को इंसानियत की मिसाल बता रहे हैं। वहीं, कोटद्वार पुलिस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रही है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी का कहना है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button