
देहरादून: देहरादून के नामी बिल्डर एसएस साहनी उर्फ बाबा साहनी ने शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार बिल्डर को गंभीर हालत में मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस को प्रधानमंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को संबोधित एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें दक्षिण अफ्रीका बेस गुप्ता बंधुओं की ओर से धमकाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर गुप्ता बंधुओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोप है कि बिल्डर साहनी काम के सिलसिले में काफी दिनों से डिप्रेशन में थे। घटना के बाद बिल्डर के परिजन उसे मैक्स अस्पताल ले गए। पुलिस को भी घटना की सूचना काफी समय बाद मिली। पुलिस जांच में लेनदेन का मामला सामने आया है।
पुलिस ने पूरे मामले में मृतक के पुत्र की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने गुप्ता बंधुओं को हिरासत में लेकर पूरे मामले में पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के सुसाइड नोट में यह जानकारी भी है कि मृतक ने गुप्ता बंधुओ द्वारा लगातार उनके प्रोजेक्ट में धमकी व दबाव बनाने के मामले को लेकर पुलिस को पूर्व में शिकायत दी थी, जिसकी जांच पड़ताल चल रही है। एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है।