दून में तीन दिन छूटेंगे हंसी के फव्वारे
कामेडियन सुनील ग्रोवर और जाकिर खान मचाएंगे धमाल

देहरादून: उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष के मौके पर दून के गढ़ी कैंट नींबूवाला में 1,2 और 3 नवंबर को डेरा कॉमेडी फेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारतीय टीवी जगत के जाने-माने कॉमेडी सुपरस्टार्स अपने हंसी भरी मजाकिया प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदायेंगे। कुल मिलाकर दून में इन कामेडियन की परफॉर्मेंस से तीन दिन हंसी के फव्वारे छूटेंगे।
शुक्रवार को मालसी स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक संस्था दून एंटरटेनमेंट एंड रिफ्रेश अड्डा-डेरा के संयोजक भरत कुकरेती, हास्य कलाकार गुरुपाल और पारितोष त्रिपाठी ने बताया कि आयोजन में सुनील ग्रोवर, जाकिर खान, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, राजीव ठाकुर, चिंकी मिंकी फेम सुरभि समृद्धि, गोपाल दत्त जैसे कलाकार लाइव शो में मंच पर धमाल मचाएंगे।
सभी कलाकार पहली बार दून में प्रस्तुति दे रहे हैं। जाकिर खान का हाल ही में न्यूयार्क के मेडिसन स्क्वायर गार्डन में शो चर्चाओं में रहा। शो का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
राज्य निवासी फिल्म टीवी जगत के कलाकार होंगे सम्मानित भरत कुकरेती ने बताया कि तीन दिनी आयोजन में राज्य निवासी प्रमुख कलाकार सुधांशु पांडे, शिवांगी जोशी, वरुण बडोला, हिमानी शिवपुरी, बृजेंद्र काला, श्रुति पंवार, अंजलि दत्तारी, स्वति सेमवाल, अभिलाष थपलियाल, प्रियांशु पैन्यूली, सुनीता राजवार, हेमंत पांडे को भी सम्मानित किया जाएगा। शो के संयोजक भरत कुकरेती कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी नाइट्स विद कपिल और द कपिल शर्मा शो जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों के लेखक-निर्देशक रह चुके हैं।



