उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह की मौत

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के सीमांत जनपद उत्तरकाशी में गंगनानी के पास एक हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। गौरतलब है कि इन दिनों उत्तराखंड की चारधाम यात्रा चल रही है। ये तीर्थयात्रियों का हेलीकॉप्टर था या कोई दूसरा इसका पता अभी नहीं चला है।
हेलीकॉप्टर क्रैश होने की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके की ओर रवाना हो गई। दुर्घटनास्थल पर पहुंचते ही टीमों ने रेस्क्यू शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में पांच से छह यात्री सवार थे। इनमें से दो लोग अभी घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह प्राइवेट कम्पनी का हेलीकाप्टर एरो ट्रिंक था। दुर्घटनास्थल पर पुलिस, आर्मी फोर्स, आपदा प्रबंधन, 108 एंबुलेंस वाहन, तहसीलदार भटवाड़ी, बीडीओ भटवाड़ी और राजस्व टीम पहुंच गई हैं।
दुर्गम स्थान पर जंगल में गिरा हेलीकॉप्टर उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से गंगनानी जहां पर ये हादसा हुआ है, वहां की दूरी करीब 50 किलोमीटर है। पहाड़ी और दुर्गम स्थान होने के कारण रेस्क्यू टीमों को ऐसे स्थानों तक पहुंचने में समय लग जाता है। हेलीकॉप्टर गंगनानी के पास जंगल में क्रैश हुआ है। उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि गंगनानी के पास जंगल में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है।
चारधाम यात्रा के दो धाम यमुनोत्री और गंगोत्री उत्तरकाशी जिले में हैं। यमुनोत्री के लिए इसी बार नया हेलीपैड बना है, जहां से तीर्थयात्री चारों धामों के लिए उड़ान भर सकते हैं। इन दिनों उत्तराखंड में मौसम भी खराब है।
इन लोगों की हुई मौत
कला सोनी (महिला) उम्र 61 वर्ष, मुंबई
विजया रेड्डी (महिला) उम्र 57 वर्ष, मुंबई
रुचि अग्रवाल (महिला) उम्र 56 वर्ष, मुंबई
राधा अग्रवाल (महिला) उम्र 79 वर्ष, यूपी
वेदवती कुमारी (महिला) उम्र 48 वर्ष, आंध्र प्रदेश
रॉबिन सिंह (पुरुष) उम्र 60 वर्ष, गुजरात- पायलट
घायल की सूची
7.मस्तू भास्कर (पुरुष) उम्र 51 वर्ष, आंध्र प्रदेश
—————
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तरकाशी के गंगनानी के समीप हेलीकॉप्टर क्रैश में कुछ लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। ईश्वर हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता पहुंचाने एवं हादसे की जांच के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं और हर स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
————————-
उत्तरकाशी हादसे के बाद केदारनाथ हेली सेवा रोकी, यात्री परेशान
देहरादून: उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह हुए हेलिकॉप्टर हादसे के बाद केदारनाथ हेली सेवा भी रोक दी गई है, जिसके चलते यात्री परेशान हो रहे हैं। कई यात्री अब पैदल ही यात्रा पर निकल पड़े हैं। यूकाडा के अपर कार्यकारी अधिकारी, दयानंद सरस्वती की ओर से यह जानकारी दी गई।
गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा तीन जगह से केदारनाथ के लिए हेली सेवा संचालित की जाती है।इन तीनों जगह पर मौजूद यात्री परेशान हो उठे जब अचानक हेली सेवा रोक दी गई। उत्तराकाशी में हेलिकॉप्टर हादसे के बाद तुरंत यह कदम उठाया गया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को गंगनानी के पास हुए इस हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई थी।