#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

कोई रिश्वत मांगे तो 1064 पर दर्ज कराएं शिकायत 

कन्या गुरुकुल परिसर में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित 

देहरादून: कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सतर्कता जागरूकता प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता हर्षवर्धनी सुमन, सी.ओ., सतर्कता अधिष्ठान ने अपने वक्तव्य में कहा कि वर्तमान समय में भ्रष्टाचार की जड़ें समाज के छोटे से बड़े स्तर तक फैल चुकी हैं। भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और परिवारवाद के कारण समाज में असंतुलन उत्पन्न हो रहा है, जिससे देश और संस्थाओं के विकास में गंभीर बाधाएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1947 में लाया गया था, जबकि लोकपाल और लोकायुक्त अधिनियम 2013 में पारित हुआ, जो सर्वप्रथम महाराष्ट्र राज्य में लागू किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि नागरिक 1064 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज करा सकते हैं।इस अवसर पर प्रो. डीए मलिक, सतर्कता अधिकारी, गुरुकुल कांगड़ी (सम विश्वविद्यालय), हरिद्वार ने विश्वविद्यालय में चल रहे विभिन्न सतर्कता कार्यक्रमों की जानकारी दी और बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर सतर्कता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
प्रो. हेमंत पाठक, समन्वयक, कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून ने शिक्षा और संस्कारों के माध्यम से नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा ही सशक्त समाज की नींव हैं।
प्रो. रेणु शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और कहा कि ईमानदारी व सत्यनिष्ठा मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे सहेज कर रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अर्चना डिमरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की शिक्षिकाओं और छात्राओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button