बिल्डर की आत्महत्या में गिरफ्तार गुप्ता बंधुओं पर स्याही फेंकी
गुप्ता बंधुओं को शनिवार को पेशी के लिए लाया गया था कोर्ट परिसर में, सूरज सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा, फेंकी स्याही

देहरादून: बिल्डर सतेंद्र साहनी की आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार गुप्ता बंधुओं पर शनिवार को कोर्ट परिसर में स्याही फेंकी। सूरज सेवा दल के नेता रमेश जोशी व कार्यकर्ताओं ने इस दौरान यहां जमकर हंगामा किया। पुलिस गुप्ता को पेशी के लिए लाई थी।
बिल्डर साहनी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी अजय गुप्ता व उसके बहनोई अनिल गुप्ता की जमानत को कोर्ट ने नामंजूर कर दिया था। दोनों की जमानत अर्जी पर बचाव और अभियोजन पक्ष में जोरदार बहस हुई थी। इस दौरान बचाव पक्ष के तर्कों को खारिज करते हुए कोर्ट ने जमानत देने से इन्कार कर दिया। बचाव पक्ष ने आरोप लगाए कि अजय गुप्ता बीमार हैं लेकिन जेल में उन्हें मेडिकल सुविधा नहीं दी जा रही है। इस पर कोर्ट ने जेल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी थी।
उल्लेखनीय है कि साहनी ने पिछले शुक्रवार को रिहायशी बिल्डिंग के आठवें फ्लोर से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। साहनी के पास से मिले सुसाइड नोट के आधार पर अजय गुप्ता और उसके बहनोई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। आरोप था कि रिहायशी प्रोजेक्ट बनाने में जो गुप्ता ने हिस्सेदारी की थी अब उसके बदले वह पूरा प्रोजेक्ट ही अपने नाम कराना चाहता था। ऐसे में दबाव में आकर साहनी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस ने गुप्ता और उसके बहनोई को अदालत में पेश किया, जिन्हें अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस को दी गई तहरीर में दिवंगत बिल्डर सतेंद्र साहनी के बेटे रणबीर सिंह साहनी ने बताया कि उनके पिता को अनिल गुप्ता व उनका भाई अजय कुमार गुप्ता लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने 16 मई को पुलिस में शिकायत भी दी थी। अनिल गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता उनके पिता पर दोनों परियोजना उनके नाम करने का दबाव डाल रहे थे। आरोपितों ने परेशान करने के लिए सहारनपुर में उनके पिता के खिलाफ एक झूठी शिकायत भी दी थी, जिसमें सहारनपुर पुलिस लगातार उनके पिता को पूछताछ के लिए बुला रही थी। शुक्रवार को भी सहारनपुर पुलिस ने सतेंद्र साहनी को पेश होने के लिए बुलाया हुआ था, जिसके कारण वह काफी घबराए हुए थे। आरोप है कि इसी कारण उन्होंने आत्महत्या कर ली।