उत्तराखंडसाहित्य

ईश्वरी प्रसाद उनियाल को गोविंद चातक पुरस्कार से किया सम्मानित

आखर की ओर से कीर्तिनगर में आयोजित किया गया कार्यक्रम

श्रीनगर गढ़वाल: वरिष्ठ पत्रकार एवं रंत रैबार के संपादक ईश्वरी प्रसाद उनियाल को कीर्तिनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में गढ़वाली भाषा में लेखन के लिए गोविंद चातक स्मृति आखर ट्रस्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनियाल को पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये, अंग वस्त्र और आखर स्मृति चिह्न प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत लोक परम्परानुसार अतिथियों द्वारा जौ से भरे हुए ‘पाथे ‘ में दीप प्रज्वलन, डॉ.गोविन्द चातक जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पण से हुई। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज धद्दी घंडियाल की छात्राओं कु.नैशा, कु.नेहा,कु.रिया,कु.मनीषा, कु.सिया, कु.अंजलि, कु. कोमल,कु. मेघा द्वारा गढ़वाली सरस्वती वंदना एवं मांगलिक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लोक साहित्य एवं गढ़वाली भाषा एवं लोक साहित्य में डॉ.गोविन्द चातक के अवदान को चिरस्मरणीय एवं अतुलनीय बताया। साथ ही विस्तारपूर्वक उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर बात रखी गई। गढ़वाली भाषा साहित्य, शिक्षा को समर्पित श्रीनगर गढ़वाल की आखर संस्था विगत सात वर्षों से डॉ. गोविन्द चातक जी की जयन्ती पर यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। डॉ.चातक जी को गढ़वाली लोक साहित्य का देवता माना जा सकता है।’
कार्यक्रम का संचालन हे.न. ब. गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. नितेश बौंठियाल ने किया। अतिथियों का स्वागत ट्रस्ट के अध्यक्ष संदीप रावत ने किया। आखर के भूपेंद्र सिंह नेगी ने ‘डॉ.गोविन्द चातक स्मृति आखर साहित्य सम्मान-वर्ष 2022’ से सम्मानित होने वाले ईश्वरी प्रसाद उनियाल के सम्मान पत्र का वाचन किया एवं अनीता काला ने उनके परिचय एवं गढ़वाली समाचार पत्रों के माध्यम से गढ़वाली भाषा के प्रचार -प्रसार में उनके द्वारा दिए जा रहे अमूल्य योगदान को सबके सम्मुख रखा और कहा कि सम्मानित होने वाले उनियाल जी गढ़वाली भाषा में प्रकाशित पहले दैनिक समाचार पत्र ‘गढ़ ऐना‘ के सम्पादक थे।
इस अवसर पर डॉ.गोविन्द चातक जी के गांव सरकासैण से डॉ. चातक जी के भतीजे राजेंद्र सिंह कंडारी एवं अन्य ,डॉ.गोविन्द चातक जी के ही परिवार से उनके पौत्र सौरभ बिष्ट,पयांखोली से बृजमोहन गोदियाल,जयवीर सिंह बिष्ट, श्री घण्टाकर्ण देवता के पश्वा सोहन सिंह कैंतुरा,मोलधार से भूपेंद्र सिंह कंडारी, कमलेश कंडारी, देहरादून से आए रघुवीर सिंह कठैत, आखर ट्रस्ट से- रेखा चमोली,अनीता काला,नितेश बौंठियाल,साक्षी रावत, भूपेंद्र सिंह नेगी,डॉ.नीलम नेगी, पौड़ी से अरुण बिष्ट,लक्ष्मी रावत, हिमांशु, मंदिर समिति से – ओम प्रकाश गोदियाल,रघुवीर शेरू भंडारी, श्री घण्टाकर्ण देवता के रावल दिनेश जोशी, मंदिर समिति के अध्यक्ष कैप्टेन सते सिंह भंडारी,सामाजिक कार्यकर्ता रघुवीर सिंह कंडारी ,महिला मंगल दल घण्डियालधार की अध्यक्षा पिंकी देवी, राजेंद्र सिंह कैंतुरा, सोहन सिंह,जिला पंचायत सदस्य अमित मेवाड़, शिक्षक-शिक्षिकाओं, साहित्यिक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तियों एवं क्षेत्र की जनता की गरिमामयी उपस्थिति थी।
ट्रस्ट के अध्यक्ष संदीप रावत ने श्री घण्टाकर्ण देवता मंदिर समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों, इस क्षेत्र की जनता, आखर ट्रस्ट के सभी सदस्यों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button