हरियाणा में लगातार तीसरी बार खिला कमल, भाजपा पूर्ण बहुमत से बनाएगी सरकार
जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन की बनेगी सरकार, तीन सीटें ही जीत सकी महबूबा मुफ्ती की पार्टी, कांग्रेस ने हरियाणा के चुनाव नतीजे नकारे, ईवीएम पर उठाए सवाल, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा यह कांग्रेस की आदत

नई दिल्ली/देहरादून: हरियाणा विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार कमल खिला है और भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है, जबकि जम्मू एवं कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बन रही है। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी 48 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि कांग्रेस ने 37 सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि तीन सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा जमाया। वहीं इंडियन लोकदल को दो सीटों पर संतोष करना पड़ा है, जबकि जजपा, आम आदमी पार्टी और बसपा का राज्य में खाता भी नहीं खुला। इसके साथ ही भाजपा हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।
उधर, जम्मू और कश्मीर विधानसभा चुनाव की सभी 90 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। सबसे ज्यादा जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीती हैं। भाजपा ने 29 और कांग्रेस पार्टी महज 6 सीटें ही जीत पाई। महबूबा मुफ्ती की पार्टी ने तीन सीटें जीती हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी एक सीट जीती है। 7 सीटें निर्दलीयों के खाते में गई हैं। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में 90 विधानसभा सीटों पर तीन फेज में वोटिंग हुई थी। यहां पहले चरण के तहत 18 सितंबर, दूसरे चरण में 25 सितंबर और तीसरे चरण के तहत एक अक्टूबर को वोटिंग हुई थी. तीनों फेज में मिलाकर 63.45 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस बार नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने गठबंधन में चुनाव लड़ा, जबकि महबूबा मुफ्ती की पीडीपी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने दम पर अकेले ताल ठोक रहे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में भाजपा की जीत को लेकर हरियाणा की जनता को बधाई दी है। पीएम मोदी में एक्स पर लिखा, ‘हरियाणा का हृदय से आभार! भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को हार का मुंह देखना पड़ा है। एग्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत मिलता दिख रहा था, लेकिन नतीजों ने सबको चौंका दिया। हरियाणा के चुनाव नतीजों को लेकर कांग्रेस ने फिर एक बार हार की ठीकरा ईवीएम के सिर पर फोड़ा है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि कई जगहों पर गड़बड़ी की सूचना मिली। ये नतीजे चौंकाने वाले हैं। ये नतीजे हमें स्वीकार नहीं हैं।
—————–
चुनाव नतीजों पर नेताओं की प्रतिक्रिया:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भी कांग्रेस ने देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश की। चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। कांग्रेस की ये आदत रही है और बड़ी बेशर्मी से ऐसी करतूतें करती आ रही है।
—————–
आम आदमी पार्टी के चीफ और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम पर पहला रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा चुनाव का बड़ा सबक यह है कि चुनावों में कोई ओवर कॉन्फिडेंट न हों। बता दें कि हरियाणा में कई दौर की वार्ता होने के बाद भी आप और कांग्रेस के बीच चुनावी गठजोड़ पर बात नहीं बन सकी थी। AAP चीफ ने नाम लिए बगैर कांग्रेस पर हमला बोला है।
——————–