राजधानी में धूमधाम से मनाया गया महानवमी का पर्व
व्रती महिलाओं ने कन्या जिमाई, लिया आशीर्वाद

देहरादून: उत्तराखंड में राजधानी समेत विभिन्न शहरों में शुक्रवार को महानवमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। व्रती महिलाओं ने सुबह मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के बाद माता को भोग लगाया और इसके बाद मां दुर्गा के नौ स्वरूपों यानी नौ कन्याओं की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने आवास पर कन्या पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
दरअसल, इस साल अष्टमी और नवमी एक ही दिन मनाई जा रही है। ऐसे में शुक्रवार को व्रती महिलाओं ने मां महागौरी और देवी सिद्धिदात्री की पूजा की।अष्टमी को कन्या पूजन करने वाले लोगों ने दोपहर 12.06 तक कन्या जिमाई और इसके बाद नवमी तिथि लग गई। ऐसे में दोपहर 12.06 के बाद से नवमी के दिन व्रत का पारण करने वाले लोगों ने कन्या पूजन किया।
नवरात्रि के पावन व्रत का शुक्रवार को कन्या जिमाने के साथ ही पारायण हो गया। नवरात्रि में कन्याओं का पूजन करने के लिए सबसे पहले व्रती महिलाओं ने जल से उनके पैर धोए। फिर साफ आसन पर उन्हें बैठाया। इसके बाद खीर, पूरी, चने, हलवा आदि सात्विक भोजन की एक थाली तैयार कर माता के दरबार में रखी और भोग लगाया और इसके बाद सभी कन्याओं को टीका लगाएं और उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। फिर नौ कन्याओं को भोजन कराकर उनकी थाली में फल और दक्षिणा रख उनका आशीर्वाद लिया।