होली में हुड़दंगियों पर रहेगी नजर, पुलिस तैनात
देहरादून: होली त्योहार की धूम देश भर के साथ ही उत्तराखंड राज्य में भी देखी जा रही है। होली त्योहार के मद्देनजर बाजारों में जहां एक ओर लोगों की भीड़ उमड़ी हुई है, तो दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा संबंधित व्यवस्थाएं भी चाक चौबंद की गई हैं। होली त्योहार के दिन सड़क दुर्घटनाओं के काफी अधिक मामले सामने आते हैं। इसके अलावा लड़ाई झगड़ा, ड्रिंक एंड ड्राइव के साथ ही ओवर स्पीडिंग जैसे मामले भी काफी अधिक देखने को मिलते हैं, जिसके चलते पुलिस प्रशासन के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की भी चुनौतियां काफी अधिक बढ़ जाती है।
त्योहारी सीजन के दौरान अस्पतालों में ऑपरेटिंग के मामले काफी ज्यादा सामने आते हैं, जिस कारण स्वास्थ्य विभाग की ओर से पहले ही अस्पतालों को इस बाबत निर्देश दिए जा चुके हैं कि होली के दिन अस्पतालों में पर्याप्त मात्रा में चिकित्सक तैनात रहेंगे, ताकि आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। इसके अलावा 108 एंबुलेंस सेवा भी काफी महत्वपूर्ण रोल अदा करती है, क्योंकि कई बार दुर्घटना हो या फिर किसी के बीमार होने पर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल तक पहुंचाया जाता है। इसको देखते हुए 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा प्रशासन की ओर से कर्मचारियों की छुट्टियों को निरस्त कर दिया गया है।
घंटाघर के पास ऐसी थी व्यवस्था: बहरहाल, देहरादून के घंटाघर पर पुलिस के जवान तो तैनात नजर आए, लेकिन मौके पर एंबुलेंस की तैनाती मौजूद नहीं थी। घंटाघर की सड़कें सबसे व्यस्ततम सड़कों में शामिल है, जहां से लोगों की काफी अधिक आवाजाही होती है। इसके अलावा घंटाघर से लगता हुआ पलटन बाजार भी है, जहां से बड़ी मात्रा में लोगों की आवाजाही होती है। यही वजह है कि पुलिस प्रशासन की ओर से पलटन बाजार के साथ ही घंटाघर चौक के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है।
जाखन क्षेत्र में ऐसी थी व्यवस्था: इसी तरह राजपुर रोड स्थित जाखन क्षेत्र भी काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि जाखन से ही मसूरी और राजपुर के लिए अलग-अलग रास्ते निकलते हैं. हालांकि, ये एक चेकिंग प्वाइंट भी है, जहां पर पर्यटन सीजन के दौरान चेकिंग भी की जाती है। देहरादून के रिस्पना पुल पर हमेशा ही काफी अधिक ट्रैफिक देखा जाता है, क्योंकि रिस्पना पुल से होते हुए यात्री हरिद्वार की तरफ जाते हैं।
रिस्पना पुल के पास ऐसी थी व्यवस्था: जबकि, दूसरे सड़क मार्ग से आईएसबीटी होते हुए सहारनपुर या फिर दिल्ली रवाना होते हैं, जिस कारण रिस्पना के आसपास सड़कों पर काफी अधिक ट्रैफिक का दबाव रहता है। हालांकि, यहां हमेशा से ही पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाती है, लेकिन होली के दिन यहां पर बड़ी मात्रा में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि ड्रिंक एंड ड्राइव के साथ ही ओवर स्पीडिंग करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जा सके।



