#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबरचारधाम यात्रा

चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर 

चमोली जिला प्रशासन ने यात्रा मार्ग को दुरुस्त कराने को ताकत झोंकी

देहरादून: चारधाम यात्रा को लेकर चमोली जिला प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशानुसार यात्रा मार्ग पर सुचारू यातायात के साथ ही पेयजल, विद्युत, शौचालय, पार्किंग व अन्य यात्री सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों का जहां एनएचआईडीसीएल की ओर से सुधारीकरण किया जा रहा है, वहीं अन्य व्यवस्थाओं को संबंधित विभागों की ओर से चाक-चौबंद किया जा रहा है।

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने कहा है कि पीपलकोटी से जोशीमठ के बीच शौचालय, पेयजल और पार्किंग की व्यवस्था न होने की ख़बरें पूरी तरह निराधार हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा के सुचारु संचालन के लिए जनपद में कमेड़ा, नंदप्रयाग, भनेरपानी, पागलनाला, बेलाकूची सहित सभी भूस्खलन जोन पर क्षतिग्रस्त मार्गों का सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है। यहां एनएचआईडीसीएल की ओर से हाईवे के चौड़ीकरण के साथ ही हिल साइड का भी सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यात्रा से पूर्व सभी स्थानों पर मार्ग सुधारीकरण के कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे ।

उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से जनपद में बदरीनाथ हाईवे पर 48 स्थानों पर स्थायी व 16 स्थानों पर अस्थायी शौचालयों का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही नगर पालिका व पंचायतों की ओर से शौचालयों का निर्माण किया गया है।

यात्रा मार्ग पर वाहनों की पार्किंग की समस्या को देखते हुए जहां गोपेश्वर, चमोली में जिला विकास प्राधिकरण की ओर से वाहनों की पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। वहीं जनपद में पूरे यात्रा मार्ग पर 30 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई हैं। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर वैकल्पिक पार्किंग स्थलों का चयन किया गया है ।

यात्रा मार्ग पर पीपलकोटी से जोशीमठ तक जल संस्थान की ओर से पेयजल के लिए वाटर एटीएम के साथ ही टीटीएसपी, पीटीएसपी, हैंडपम्प, आरओ व हॉट गीजर प्याऊ की भी व्यवस्था की गई है। संस्थान की ओर से 9 टीटीएसपी, 9 पीटीएसपी, 17 हैंडपम्प, 3 वाटर एटीएम, 2 आरओ स्थापित किए गए हैं।

चारधाम यात्रा 2026 के तहत जनपद चमोली में पीपलकोटी से ज्योतिर्मठ मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सुलभ इंटरनेशनल सोशल सर्विस ऑर्गनाइजेशन की ओर से शौचालय स्थापित किए गए हैं। स्टील फ्रेम शौचालय गरुड़गंगा, पनाई गाड़, टंगणी, पागल नाला, पातालगंगा और लंगसी में बनाए गए हैं। वहीं सुलभ शौचालय पीपलकोटी, प्रीफैब्रिकेटेड पीपलकोटी, गरुड़ गंगा, हेलंग, ज्योतिर्मठ पेनी बेंड, ज्योतिर्मठ-1 (गेट के पास), ज्योतिर्मठ-2 (धर्मशाला) तथा ज्योतिर्मठ मंदिर के समीप स्थापित हैं। इस प्रकार 14 स्थानों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 101 शौचालय सीटों की व्यवस्था की गई है। जिसमें 54 सीट महिला शौचालय हेतु और 47 पुरुष शौचालय सीटों की व्यवस्था की गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button