राजनीति के अजातशत्रु थे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह: धामी
- पूर्व विधायकों सहित समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार , पूर्व विधायक चंद्रशेखर भट्ठेवाला को भी सदन में दी गई श्रद्धांजलि

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा में बजट सत्र के दूसरे दिन प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक चंद्रशेखर भट्ठे वाला को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. मनमोहन सिंह को राजनीति का अजातशत्रु बताया। बसपा विधायक शहजाद की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में घोषणा की कि पूर्व विधायकों सहित समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराया जाएगा।
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है और पूरा सदन शोकाकुल है। भारत में आर्थिक सुधारों के जनक कहे जाने वाले पूर्व वित्त मंत्री और दो बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का पिछले वर्ष 26 दिसंबर को निधन हो गया था। वह 92 साल के थे। कांग्रेस नेता सिंह 2004 से 2014 तक, 10 वर्ष देश के प्रधानमंत्री रहे। उससे पहले उन्होंने वित्त मंत्री के रूप में देश के आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में मदद की। धामी ने चंद्रशेखर भट्ठेवाला की सादगी की चर्चा करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। संसदीय कार्यमंत्री प्रेम चंद अग्रवाल, वन मंत्री सुबोध उनियाल, शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, मुन्ना सिंह चौहान समेत कई विधायकों ने दोनों विभूतियों के कार्यों को लेकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। आखिर में विधानसभा अध्यक्ष रितु भूषण खंडूड़ी ने भी प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह और पूर्व विधायक चंद्रशेखर भट्ठेवाला को श्रद्धांजलि देते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।