राखी के सिर सजा तीज क्वीन का ताज
-जनपग प्रेरणा ट्रस्ट ने निर्धन वर्ग की महिलाओं के साथ बांटी तीज की खुशियां, दिए पुरस्कार

देहरादून: जनपग प्रेरणा ट्रस्ट ने सोमवार को सुभाष नगर में कार्यक्रम आयोजित कर निर्धन वर्ग की महिलाओं के साथ तीज की खुशियां बांटी। इस मौके पर जहां विभिन्न इन्डोर गेम, म्यूजिकल चेयर और मॉडलिंग का आयोजन किया गया, वहीं राखी को तीज क्वीन चुना गया। सभी महिलाओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
ट्रस्ट की अध्यक्ष सोनिया बेनीवाल ने बताया कि यह कार्यक्रम निर्धन वर्ग की महिलाओं के साथ इसलिए प्रमुखता के साथ मनाया जा रहा है, क्योंकि जहां एक ओर सक्षम वर्ग की महिलाएँ तीज महोत्सव को होटल/घर/पिकनिक पार्टी इत्यादि करके मना लेती हैं, वहीं ये निर्धन वर्ग की महिलाएं केवल अपनी रोजी रोटी तथा गृह कार्य में ही व्यस्त रहती हैं। इसे देखते हुए ट्रस्ट द्वारा सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष तीज महोत्सव इन महिलाओं के साथ ही मनाया जायेगा, जोकि चाह कर भी इस त्यौहार को मना नहीं पाती है।
तीज महोत्सव में प्रथम/द्वितीय/तृतीय आने वाली महिलाओं के लिए विशेष पुरस्कार रखे गये तथा तीज क्वीन जीतने वाली महिला के लिए इलेक्ट्रिक केटल का पुरस्कार अलग से रखा गया, जिसे राखी ने जीता। ट्रस्ट की तरफ से आने वाले अतिथियों के लिए स्मृति चिन्ह तथा पुष्प गुच्छ प्रदान किए गए। इस अवसर पर केके अरोड़ा, अभिषेक परमार, सुषमा पुन, कु. सलोनी, रूबीना, कमलेश आर्या, माधुरी, कु. सोनाशां बेनीवाल, मीथलेश, रेखा, पूनम, राखी आदि महिलाओं ने भाग लिया।