
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर सुगबुगाहट फिर शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि इस विस्तार में न केवल मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होगा, बल्कि ने चेहरों को भी मौका दिया जा सकता है। माना जा रहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र से पहले मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकता है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम भी संकेत दे चुके हैं कि धामी मंत्रिमंडल में खाली मंत्री पदों को शीघ्र भरा जाएगा। मुख्यमंत्री के दिल्ली प्रवास से भी इन अटकलों को बल मिला था। यह माना गया कि वह मंत्रिमंडल विस्तार के विषय में केंद्रीय नेतृत्व से विचार-विमर्श कर सकते हैं। कुछ विधायकों की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात को भी इस कड़ी से जोड़कर देखा जा रहा है। यही नहीं, पिछले दिनों धामी मंत्रिमंडल के कुछ मंत्रियों की दिल्ली दौड़ ने भी इस बात को हवा दी कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। फिलहाल, मंत्रिमंडल विस्तार कब होगा, यह तो भविष्य के गर्त में छिपा है, लेकिन तब तक के लिए मंत्री पद के तलबगारों की धड़कनें तो बढ़ ही गई हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में सीएम धामी के नेतृत्व में सरकार का गठन होने के बाद से ही तीन सीटें खाली चल रही थी। इसके बाद साल 2023 में कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास का निधन हो गया, जिसके चलते धामी मंत्रिमंडल की एक और सीट खाली हो गई।