होली के बाद होगा मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल
- प्रेम चंद अग्रवाल की छुट्टी होना तय, दो अन्य मंत्रियों पर लटकी तलवार

लक्ष्मी प्रसाद बडोनी
देहरादून: उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की चर्चा जोर पकड़ती जा रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो मौजूदा धामी कैबिनेट के तीन मंत्रियों पर तलवार लटकी हुई है, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। इसके अलावा चार नए विधायकों को धामी कैबिनेट में मंत्री बनाया जाएगा। हालांकि दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैबिनेट विस्तार को लेकर खुलकर कुछ नहीं कहा, लेकिन पत्रकारों को कयास लगाने की छूट देकर यह तो साफ कर दिया कि अभी नहीं तो होली के बाद तो मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल हो सकता है। साथ ही विधानसभा में पहाड़-मैदान को लेकर दिए बयान से विवाद में आए बहुचर्चित मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल की छुट्टी होना लगभग तय है।
फिलहाल जो जानकारी निकलकर सामने आई है, उसके हिसाब से ये कहा जा सकता है कि देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले से धामी कैबिनेट में एक-एक मंत्री को शामिल किया जाएगा, जिसको लेकर भाजपा संगठन स्तर पर कसरत चल रही है। बीते दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी इशारों ही इशारों ने इस बात का जिक्र किया था कि कभी भी प्रदेश में कैबिनेट विस्तार हो सकता है.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने तब ये भी जानकारी दी थी कि उन्होंने प्रदेश के वर्तमान हालात की रिपोर्ट दिल्ली हाईकमान को भेज दी है। इसके अलावा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने भी कोटद्वार में अपनी सरकार के ही मंत्री की निंदा की थी। साथ ही उन्होंने कहा था कि अपने मंत्री के विवादित बयान को वो आलाकमान के आगे रखे चुके हैं। तभी से इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश में जल्द ही कैबिनेट विस्तार होने वाला है।
वहीं इन चर्चाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के दिल्ली दौरे ने और हवा दे दी है। साथ ही खबर ये भी है कि होली के बाद भाजपा अपने मंत्रिमंडल विस्तार की घोषणा कर देगी। मुख्यमंत्री धामी के दिल्ली दौरे को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी कि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर हाईकमान से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बातचीत होगी। देहरादून पहुंचने पर मीडिया से मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, उनका यह सामान्य दौर था और यह पहले से ही तय था। मीडिया के लिए इस दौरे में कुछ नया नजर आ रहा हो, लेकिन उनके लिए यह सामान्य दौरा था।