यह दशक होगा उत्तराखंड का दशक: धामी
उत्तराखंड में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर फहराया तिरंगा, मुख्य समारोह में की आठ घोषणाएं, हर जिले में एक निकाय को बनाया जाएगा आदर्श, राज्य पेंशनधारकों को दिया तोहफा, स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को भी किया सम्मानित

देहरादून: उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस की 78वीं वर्षगांठ गुरुवार को धूमधाम से मनाई गई। सभी जनपद मुख्यालय में तिरंगा लहराया गया और प्रभातफेरी निकाली गई।
राजधानी में मुख्य समारोह परेड ग्राउंड में हुआ, जहां देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में राज्य में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शासन-प्रशासन और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषणाएं की गई। धामी ने कहा कि अब प्रत्येक जिले में एक स्थानीय निकाय को आदर्श निकाय के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्योग, बागवानी एवं अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया जाएगा।अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के नियमित कर्मचारियों के लिए कर्मचारी व्यक्तिगत ऋण योजना लागू की जाएगी। बलिदानियों और स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 बड़ी घोषणाएं भी की, जिसमें मुख्य रूप से प्रदेश के पेंशनधारियों की धनराशि को ₹ 4000 से बढ़ाकर ₹ 6000 किया जाएगा। इसके साथी प्रदेश के सभी जिलों के एक स्थानीय निकायों को आदर्श निकाय के रूप में विकसित किया जाएगा। कहा कि राज्य सरकार की ओर से शहीद सैनिकों के सम्मान में देहरादून में शौर्य स्थल का निर्माण किया गया है। राज्य में शहीद सैनिकों को मिलने वाली अनुग्रह सहयोग राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है. शहीद सैनिकों के परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में हम सबको अपना योगदान देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। सीएम धामी ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि आज भारत समर्थ, समरस एवं शक्तिशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प में हम सबको अपना योगदान देना है। उत्तराखंड इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रहा है। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा जारी एसडीजी रिपोर्ट में उत्तराखण्ड ने सतत विकास लक्ष्यों की कसौटी पर खरा उतरते हुए पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।