पलायन रोकने को फ्यूचर विजन के साथ काम करें: सतपाल महाराज
-लोगों को अवसरों, संसाधनों, सेवाओं से जोड़ने के लिए करें काम, प्रशिक्षण से पहले ग्रामीण निर्माण मंत्री ने दिए सहायक अभियंताओं को टिप्स

देहरादून: ग्रामीण निर्माण एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि स्थानीय स्तर पर लोगों के साथ प्रभावी संचार के साथ-साथ उनकी आवश्यकताओं को समझ कर हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सरकार की परियोजनाएं वास्तव में उनके लिए लाभकारी हैं। पहाड़ से पलायन को रोकने के लिए फ्यूचर विजन के साथ काम करना होगा।
सतपाल महाराज ने मंगलवार को ग्रामीण निर्माण विभाग के मुख्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के प्रशिक्षण की शुरुआत से पूर्व उनके विभागीय उत्तर दायित्वों के निर्वाह के प्रति उनका मार्गदर्शन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त सहायक अभियंताओं के करियर की यह एक नई शुरुआत है। यह उनके समर्पण चुनौतियों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की यात्रा है। प्रदेश के विकास के लिए जो सही है, वही करें।
महाराज ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, क्षेत्रीय विकास के संतुलन और शहरी ग्रामीण विभाजन को कम करने की आवश्यकता है। बुनियादी ढांचे का विकास केवल सड़कों और पूलों के निर्माण से ही नहीं होगा बल्कि लोगों को अवसरों, संसाधनों और सेवाओं से जोड़ने की आवश्यकता है। एक सहायक अभियंता के रूप में आपकी कई जिम्मेदारियां हैं, जैसे परियोजनाओं की अवधारणा से लेकर उनकी पूर्णता, प्रत्येक परियोजनाओं को सटीकता के साथ बजट के भीतर और समय पर पूरा किया जाना। साथ ही आपको यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी निर्माण कार्य उच्चतम गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को पूरा करें।
इस अवसर पर ग्रामीण निर्माण विभाग में नव नियुक्त सहायक अभियंताओं के साथ-साथ मुख्य अभियंता ए.के. पंत, मुख्य अभियंता स्तर-2 विभु रावत और अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार गुप्ता आदि उपस्थित थे।