उत्तरकाशी में यमुना नदी में गिरा पिकअप, 3 लोगों की मौत
यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर चामी के पास हुई दुर्घटना, विकासनगर से परचून का सामान लेकर उत्तरकाशी के मोरी जा रहा था पिकअप वाहन

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में सोमवार को यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर चामी के पास एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर यमुना नदी में गिर गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई।
यह पिकअप वाहन देहरादून जिले के विकासनगर से परचून का सामान लेकर उत्तरकाशी के मोरी जा रहा था। अभी पिकअप वाहन उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर चामी के समीप पहुंचा था कि ड्राइवर अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हो कर पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। पिकअप वाहन में सवार वाहन चालक नौशाद पुत्र नूर मोहम्मद उम्र 25 वर्ष, परवीन जैन पुत्र चमन लाल उम्र 45 वर्ष, अजय शाह पुत्र बरगीनाथ उम्र 30 वर्ष की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। तीनों लोग जीवनगढ़ विकासनगर के रहने वाले थे।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व मोरी-नैटवाड़ रोड पर पुजेली-खंयासणी जा रही एक यूटिलिटी वाहन भी नैटवाड़ के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं उसके पांच वर्षीय बच्चे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा था। 15 घायलों को देहरादून और पांच को पुरोला अस्पताल रेफर किया गया था।