लखनऊ में नौ अस्पतालों की फार्मेसियों पर कार्रवाई, उत्तराखंड में भी अस्पतालों की दवा दुकानों की जांच की जरूरत
दवाओं की खरीद-बिक्री कीमतें सार्वजनिक नहीं करने पर लाइसेंस निलंबित, उत्तराखंड में अस्पतालों की फार्मेसियों में पारदर्शिता को लेकर भी उठे सवाल; मरीजों को मिल रही है दवाओं के वास्तविक मूल्य की जानकारी?
लक्ष्मी बडोनी
देहरादून/लखनऊ: अस्पताल में इलाज का खर्च पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ रहा है। ऐसे में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की कीमतों को लेकर पारदर्शिता नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के सामने अक्सर अस्पताल परिसर में संचालित फार्मेसी से ही दवाएं खरीदने की मजबूरी होती है। ऐसे में उन्हें यह तक पता नहीं चल पाता कि जिस दवा के लिए वे भुगतान कर रहे हैं, उसकी वास्तविक खरीद कीमत क्या है और बिक्री मूल्य कितना है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की ओर से नौ अस्पताल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित किए जाने की कार्रवाई ने उत्तराखंड की अस्पताल फार्मेसियों की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि क्या उत्तराखंड में भी अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद-बिक्री कीमतें सार्वजनिक की जा रही हैं? क्या मरीजों को दवाओं के मूल्य की पूरी जानकारी मिल रही है या उन्हें बिना कीमतों की तुलना किए दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं?
लखनऊ में नौ फार्मेसियों पर गिरी गाज
उत्तर प्रदेश एफएसडीए ने दवाओं और मेडिकल डिवाइस की खरीद एवं बिक्री कीमतें सार्वजनिक नहीं करने पर लखनऊ की नौ प्रमुख अस्पताल फार्मेसियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। जिले में 13 फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया था, जिनमें नौ में नियमों का पालन नहीं मिला। कार्रवाई की जद में ग्लोब मेडिकेयर (निराला नगर), शेखर हॉस्पिटल (इंदिरा नगर), टेंडर पाम फार्मेसी (अर्जुनगंज) सहित अन्य फार्मेसियां शामिल हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब अस्पतालों में इलाज के दौरान दवाओं और मेडिकल उपकरणों पर होने वाला खर्च मरीजों के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है।
वेबसाइट और क्यूआर कोड से देनी होगी कीमतों की जानकारी
एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने 1 अक्टूबर 2026 को सभी अस्पताल फार्मेसियों को दवाओं और मेडिकल उपकरणों की मूल्य सूची वेबसाइट और क्यूआर कोड के माध्यम से सार्वजनिक करने के निर्देश दिए थे।
आदेश के अनुसार फार्मेसियों को वेबसाइट पर लाइसेंस नंबर, लाइसेंसधारक और फार्मासिस्ट का विवरण, फोटो एवं रजिस्ट्रेशन नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इसके साथ ही दवाओं के स्टॉक की साप्ताहिक जानकारी भी अपलोड करनी होगी। फार्मेसी काउंटर पर वेबसाइट का लिंक प्रदर्शित करना भी जरूरी किया गया है।
68 जिलों में 495 फार्मेसियों की जांच
उत्तर प्रदेश में यह अभियान 4 दिसंबर तक चलाया जा रहा है। अब तक 68 जिलों की 495 अस्पताल फार्मेसियों का निरीक्षण किया जा चुका है। नियमों का पालन नहीं करने वाली फार्मेसियों को सात दिन के भीतर जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है।
उत्तराखंड में भी होनी चाहिए ऐसी जांच
लखनऊ में हुई कार्रवाई के बाद उत्तराखंड के औषधि नियंत्रण विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी और अन्य शहरों में संचालित निजी अस्पतालों की फार्मेसियों में दवाओं की कीमतों और उपलब्ध स्टॉक की जानकारी मरीजों को किस तरह दी जा रही है, इसकी पड़ताल जरूरी है।
विभाग को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अस्पताल परिसरों में संचालित फार्मेसियां दवाओं की कीमतों, लाइसेंस और फार्मासिस्ट से संबंधित जरूरी जानकारियां नियमानुसार प्रदर्शित कर रही हैं या नहीं। यदि कहीं नियमों की अनदेखी हो रही है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
मरीजों को मिलेगी कीमतों की तुलना करने की सुविधा
प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) की जानकारी सार्वजनिक होने से मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं के खरीद और बिक्री मूल्य का अंतर समझने में मदद मिलेगी। इससे वे दवाओं की कीमतों को लेकर अधिक जागरूक हो सकेंगे।
एफएसडीए की इस पहल का उद्देश्य दवाओं की कीमतें तय करना नहीं, बल्कि मूल्य संबंधी जानकारी में पारदर्शिता लाना है। उत्तराखंड में भी अस्पताल फार्मेसियों की नियमित जांच और मरीजों को कीमतों की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। आखिरकार, इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाला मरीज पहले ही आर्थिक और मानसिक परेशानी से गुजर रहा होता है। उसे दवाओं की कीमतों को लेकर भी अंधेरे में नहीं रखा जाना चाहिए।



