#uttarakhand newsउत्तराखंडएक्सक्लूसिवकानूनकार्रवाईक्राइम

जिम में बिक रहे फूड सप्लीमेंट पर सवाल, हेल्पलाइन शोपीस 

- एफएसएसएआई के खाद्य सुरक्षा के दावों की खुली पोल, जिलास्तरीय कार्यालय में नहीं मिला एक भी जिम्मेदार अधिकारी, शिकायतों के लिए जारी टोल फ्री नंबर पर तीन-चार बार फोन करने पर भी नहीं मिल पाई जानकारी 

-लक्ष्मी बडोनी

देहरादून: राजधानी में जिम और फिटनेस सेंटरों में बेचे जा रहे फूड सप्लीमेंट की गुणवत्ता और वैधता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन उत्पादों से संबंधित शिकायतों और नियमों की जानकारी हासिल करने के लिए जब भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 11 2100 पर संपर्क किया गया, तो निराशा ही हाथ लगी। इससे पहले, यह संवाददाता नालापानी रोड स्थित विभाग के जिलास्तरीय कार्यालय गया, तो पता चला कि असिस्टेंट कमिश्नर (खाद्य सुरक्षा) मनीष सयाना शादी में शामिल होने गए हैं, जबकि देहरादून के निरीक्षक (खाद्य सुरक्षा) किसी केस के सिलसिले में कोर्ट गए हैं। कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कार्यालय में नहीं मिला, जिससे फूड सप्लीमेंट की जांच और कार्रवाई की जानकारी मिल सके।

शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे से 12:30 बजे के बीच उक्त टोल फ्री नंबर पर तीन से चार बार फोन किया गया। इसके बावजूद जिम में बेचे जा रहे फूड सप्लीमेंट से संबंधित शिकायतों को लेकर कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाई। बार-बार फोन करने के बाद भी शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और संबंधित विभागीय कार्रवाई के संबंध में जानकारी नहीं मिलना सरकारी हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

एक तरफ एफएसएसएआई खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ शिकायतों की जानकारी देने के लिए जारी हेल्पलाइन से ही उपभोक्ताओं को मदद नहीं मिल रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर आखिर कहां जाए?

जिम और फिटनेस सेंटरों में प्रोटीन पाउडर, मसल गेनर और अन्य फूड सप्लीमेंट की बिक्री हो रही है। इन उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग और लाइसेंस की जांच बेहद जरूरी है। यदि किसी उत्पाद में मिलावट, भ्रामक दावे या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है, तो संबंधित विभाग को कार्रवाई करनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर केवल हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल जारी कर देना पर्याप्त नहीं है। जरूरी है कि उपभोक्ताओं की कॉल सुनी जाए, शिकायत दर्ज हो और उस पर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button