बैणी-भुली योजना पर गोदियाल का धामी सरकार पर हमला, बोले- चुनाव आते ही याद आई मातृशक्ति
महिलाओं को आर्थिक मदद देने की घोषणा पर उठाए सवाल, कांग्रेस सरकार बनने पर महिला सम्मान निधि देने का किया ऐलान; भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 26 नवंबर को लोकभवन कूच करेगी कांग्रेस
देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बैणी-भुली योजना को लेकर धामी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रदेश की मातृशक्ति की याद चुनाव नजदीक आते ही आई है। पांच साल तक महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाए गए? सरकार अब चुनाव से ठीक पहले आर्थिक सहायता की घोषणाएं कर महिलाओं को लुभाने का प्रयास कर रही है।
गोदियाल ने कहा कि सरकारें जनता के विकास के लिए पांच साल यानी 60 महीने के लिए चुनी जाती हैं। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं की हितैषी होती तो पूरे कार्यकाल में उनके आर्थिक सशक्तीकरण, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए योजनाएं संचालित करती। उन्होंने सवाल उठाया कि पहाड़ के दुर्गम क्षेत्रों में जब गर्भवती महिलाओं को डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है, तब सरकार की मातृशक्ति के प्रति चिंता कहां चली जाती है?
उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल चुनाव के समय आर्थिक सहायता देने से उनका वास्तविक सशक्तीकरण नहीं हो सकता। इसके लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने होंगे।
कांग्रेस सरकार बनने पर महिला सम्मान निधि
गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महिला सम्मान निधि शुरू की जाएगी। इसके तहत महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं केवल चुनावी वोट बैंक नहीं हैं, बल्कि अपने अधिकार और सम्मान के प्रति जागरूक हैं।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर 26 नवंबर को लोकभवन कूच
पत्रकार वार्ता में गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया है। अभियान के माध्यम से जनता की शिकायतों और नाराजगी को एकत्र किया गया है।
उन्होंने घोषणा की कि 26 नवंबर को कांग्रेस कार्यकर्ता लोकभवन कूच करेंगे और एकत्रित हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे। कांग्रेस का कहना है कि सरकार के खिलाफ उठ रहे भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
गोदियाल ने बिहार में महिलाओं को आर्थिक सहायता दिए जाने से जुड़े घटनाक्रम का हवाला देते हुए आशंका जताई कि उत्तराखंड में भी चुनावी लाभ के लिए ऐसी रणनीति अपनाई जा सकती है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इन बयानों से स्पष्ट है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महिला सशक्तीकरण और भ्रष्टाचार को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाने की तैयारी में है। वहीं, बैणी-भुली योजना को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।



