मोरी के गांव में आग की लपटों ने मचाई तबाही, 30 मकान खाक
उत्तरकाशी: सीमांत क्षेत्र मोरी के पावनी गांव में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने आसपास के हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण आग बुझाने के लिए जुट गए। करीब 30 मकान जलकर खाक हो गए।
अचानक लगी आग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आग की लपटें उठती देख लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, आग की भयावहता के चलते काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
मोरी जैसे दूरस्थ क्षेत्र में आग की घटनाएं ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती हैं। ऐसे में घटना के बाद नुकसान का आकलन और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना प्रशासन के सामने अहम चुनौती होगी। गांव मोरी मुख्यालय से लगभग 55–60 किमी दूर स्थित है और सड़क से आगे पैदल चलना पड़ता है। मोबाइल नेटवर्क न होने के कारण राहत टीमों को संपर्क और पहुंचने में समय लग रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं, वहीं राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए भोजन व आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जा रही है।



