भारतीय रेडक्रास सोसायटी एवं रणजीत सिंह वर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट ने आयोजित किया रक्तदान शिविर, 42 लोगों ने किया रक्तदान
देहरादून: आज भारतीय रेडक्रास सोसायटी उत्तराखंड शाखा एवं रणजीत सिंह वर्मा चैरिटेबल ट्रस्ट, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय दून चिकित्सालय, देहरादून के चिकित्सकों की देखरेख में ग्राम पंचायत चन्द्रोटी गुनियाल गांव में निःशुल्क रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 42 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और सामाजिक सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रास सोसायटी उत्तराखंड शाखा के कोषाध्यक्ष श्री मोहन सिंह खत्री ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाया जा सकता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रक्तदान शिविर में संदीप ठाकुर, रशपाल खनुजा, आदित्य चौहान, अपूप क्षेत्री, अजित सिंह, जितेन्द्र ठाकुर, धर्म सिंह पंवार, मदन ंिसह पुंडीर, घनश्याम आदि 42 लोगों ने रक्तदान किया।
शिविर में भारतीय रेडक्रास सोसायटी उत्तराखंड शाखा के कोषाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री, पूर्व ग्राम प्रधान हुकम सिंह चौहान, ग्राम प्रधान सारिका ठाकुर, गोविन्द सिंह पुंडीर, सदस्य पार्षद सुशांत बोरा, उपेन्द्र थापली, वन्दना चौधरी, प्रमोद चौहान, संदीप थापली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी एवं मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।



