हरिद्वार में आईबी के एसपी नौटियाल को उनके ड्राइवर ने मारी गोली, मचा हड़कंप
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक सीपी नौटियाल पर उनके ही अस्थायी चालक विनोद नेगी ने कथित तौर पर तमंचे से गोली चला दी। इस घटना से पुलिस महकमे और खुफिया विभाग में हड़कंप मच गया।

घटना शनिवार को हरिद्वार के कनखल स्थित आईबी कार्यालय में हुई। आरोपी चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चालक विनोद नेगी एसपी सीपी नौटियाल के केबिन में पहुंचा।
बताया गया है कि दोनों के बीच पहले से किसी बात को लेकर नाराजगी थी। केबिन में बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई।
इसी दौरान चालक ने कथित तौर पर अपने पास रखे तमंचे से एसपी पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद कर्मचारी तत्काल केबिन की ओर दौड़े। वहां एसपी घायल अवस्था में मिले। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। गोली एसपी सीपी नौटियाल के माथे के बेहद करीब से होकर निकली। उन्हें चोट आई और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले उन्हें हरिद्वार के बंगाली अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर उपचार और जांच के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसपी की हालत स्थिर थी और वह खतरे से बाहर थे। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ड्राइवर विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसी दिन हरिद्वार में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता का अंतिम संस्कार हुआ था। शहर में वीवीआईपी आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था थी। ऐसे समय में आईबी के एसपी पर उनके ही चालक द्वारा गोली चलाने की घटना ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी।



