अवैध प्लॉटिंग पर एमडीडीए का बड़ा प्रहार, 8 से 10 बीघा जमीन पर की गई प्लॉटिंग सील
देहरादून : राजधानी देहरादून में अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने पुराना शिमला बाईपास क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 8 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को सील कर दिया।
जांच में सामने आया कि श्रीराम कॉलेज, शेरपुर, सेलाकुई के निकट बिना एमडीडीए से स्वीकृत तलपट मानचित्र के जमीन पर प्लॉटिंग विकसित करने के उद्देश्य से सड़क का चिन्हीकरण किया जा रहा था। प्राधिकरण ने मामले में नियमानुसार वाद दायर कर सीलिंग की कार्रवाई की। एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में अनियोजित विकास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध प्लॉटिंग और अनाधिकृत निर्माण के विरुद्ध प्राधिकरण का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि जमीन या भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधता, भू-उपयोग और एमडीडीए से स्वीकृत मानचित्र की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी और आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।



