वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट, हजारों श्रद्धालु बने कपाटबंदी के साक्षी
कपाट बंद होने के मौके पर बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल से ज्यादा फूलों से सजाया गया था
चमोली: विश्व प्रसिद्ध चारधाम में शुमार भू बैकुंठ बदरीनाथ धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। भगवान बदरी विशाल के कपाट शुभ मुहूर्त में रात 9 बजकर 37 मिनट पर बंद किए गए। इस अलौकिक क्षण का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे। वहीं, कपाट बंद होने के मौके पर बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल से ज्यादा फूलों से सजाया गया था।
भगवान बदरी विशाल को ओढ़ाया गया ‘घृत कंबल’: बता दें कि पंच पूजाओं के साथ शुरू हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया के आखिरी दिन भगवान नारायण की विशेष पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक परंपरा के तहत मुख्य पुजारी रावल अमरनाथ नंबूदरी ने साल की आखिरी पूजा संपन्न की। उन्होंने भगवान बदरी विशाल को माणा गांव की महिलाओं के हाथों तैयार किया गया ‘घृत कंबल’ ओढ़ाया।
पारंपरिक स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को रावल ने कराया गर्भगृह में विराजमान: इसके बाद रावल ने पारंपरिक स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया। बदरी केदार मंदिर समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में सेना के बैंड की मधुर भक्तिमय धुनों एवं ‘जय बदरी विशाल’ के उद्घोष के बीच धाम के कपाट बंद किए गए।
17 नवंबर को पांडुकेश्वर के लिए रवाना होगी देव डोलियां: बदरी विशाल कपाट बंद होने के बाद अब कल यानी 17 नवंबर को सुबह भगवान उद्धव एवं कुबेर जी की देव डोलियां अपने शीतकालीन प्रवास स्थल योगध्यान बदरी मंदिर (पांडुकेश्वर) के लिए प्रस्थान करेंगी। वहीं, आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र गद्दी ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) स्थित नरसिंह मंदिर गद्दीस्थल के लिए रवाना होगी, जहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
23 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए भगवान बदरी विशाल के दर्शन: इस साल की चारधाम यात्रा 2026 में बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों ने नया उत्साह देखने को मिला। बीकेटीसी के आंकड़ों के मुताबिक, इस यात्रा सीजन में अब तक 23 लाख 49 हजार 345 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिए। इनमें 14 लाख से ज्यादा पुरुष, 8 लाख से ज्यादा महिला श्रद्धालु और 1 लाख से ज्यादा बच्चे शामिल रहे।
ध्यान मग्न मुद्रा में विराजमान हैं भगवान विष्णु: गौर हो कि भगवान बदरी विशाल की मूल शालिग्राम की स्वयंभू मूर्ति को कभी बदरीनाथ मंदिर से बाहर नहीं निकाला जाता है। बदरीनाथ धाम को भू बैकुंठ यानी धरती का बैकुंठ भी कहा जाता है, जहां भगवान विष्णु की काले पत्थर शालिग्राम की प्रतिमा मौजूद है. जो यहां पर ध्यान मग्न मुद्रा में विराजमान हैं।



