आखिरी ओवर तक रोमांच, दून स्ट्राइकर्स और दून थंडर्स ने दर्ज की शानदार जीत
विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, मुख्य अतिथि अभिनव थापर ने पत्रकारों की फिटनेस के लिए खेल आयोजनों को बताया जरूरी

देहरादून: उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए दोनों मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज मैदान में हुए मुकाबलों में दून स्ट्राइकर्स और दून थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः छह और पांच रन से जीत दर्ज की। दोनों ही मैचों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया और मुकाबले आखिरी ओवर तक रोमांचक बने रहे।

पहले मुकाबले में दून स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 113 रन बनाए। टीम की ओर से सोबन गुंसाई ने 37 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 39 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान योगेश ने 21 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून सुपर किंग्स की टीम 19.5 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। सचिन ने 29 और मनीष डंगवाल ने 28 रन बनाए। दून स्ट्राइकर्स की ओर से अरविंद रावत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके।
दूसरे मुकाबले में दून थंडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 133 रन बनाए। विजय जोशी ने 43 गेंदों में सात चौकों की मदद से 55 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। वहीं, कप्तान ठाकुर नेगी ने 17 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, वहीं साकेत पंत और योगेश सेमवाल ने तीन-तीन विकेट लिये। जवाब में दून किंग राइडर की टीम 18.3 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। विशु सैनी ने 23, अनिल डोगरा ने 21 और कप्तान सुनील कुमार ने 17 रन बनाए। दून थंडर्स की ओर से जुगल किशोर और ठाकुर नेगी ने तीन-तीन विकेट हासिल कर टीम को पांच रन से जीत दिलाई। दोनों मुकाबलों में आखिरी ओवर तक बने रोमांच ने खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का भी उत्साह बढ़ाया।
*खेलकूद से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य रहता है बेहतर : अभिनव थापर*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तराखंड कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के चेयरपर्सन अभिनव थापर उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण और व्यस्त पेशा है। लगातार काम के दबाव और व्यस्त दिनचर्या के कारण पत्रकार अक्सर अपने स्वास्थ्य और फिटनेस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पाते। ऐसे में पत्रकारों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए उत्तरांचल प्रेस क्लब को समय-समय पर इस तरह के खेलकूद और रचनात्मक आयोजनों का आयोजन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि तनाव कम करने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी प्रभावी जरिया हैं। इस तरह के आयोजन पत्रकारों में नई ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करते हैं।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, भूपत सिंह बिष्ट, लक्ष्मी प्रसाद बडोनी, दीपक फर्स्वाण, वीके डोभाल सहित प्रेस क्लब के अन्य सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।
दोनों मुकाबलों में आखिरी ओवर तक बने रोमांच ने खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों का भी उत्साह बढ़ाया



