अंकिता भंडारी के मुद्दे पर फिर गरमाएगी सियासत
- दून में प्रेस वार्ता में दलीप रावत के बयान से भाजपा फिर मुश्किल में, दलीप रावत ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से सहायता लौटाने की कही बात
– लक्ष्मी बडोनी
देहरादून: उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गया है। गुरुवार को भाजपा विधायक दिलीप रावत की पार्टी कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में अंकिता भंडारी के माता-पिता को भाजपा सरकार से मिली आर्थिक सहायता वापस कर देने के बयान ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
जिस अंकिता ने अपनी जान गंवाई, जिस परिवार ने अपनी बेटी खोई और जो प्रदेश आज भी इस हत्याकांड से जुड़े तमाम सवालों के जवाब चाहता है, उस मामले में आर्थिक सहायता लौटाने की सलाह आखिर किस संदर्भ में दी गई? यह सवाल अब चर्चा का विषय बन सकता है।
दरअसल, अंकिता भंडारी प्रकरण केवल आर्थिक सहायता का मामला नहीं है। यह महिला सुरक्षा, सत्ता की जवाबदेही और न्याय की अपेक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय है। ऐसे में सरकार से मिली सहायता लौटाने की बात राजनीतिक बहस को और तीखा कर सकती है।
दलीप रावत के इस बयान से भाजपा के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई है। विपक्ष को इस बयान पर सरकार को घेरने का अवसर मिल सकता है। वहीं भाजपा नेतृत्व के सामने भी यह स्पष्ट करने का सवाल है कि विधायक की टिप्पणी उनका व्यक्तिगत मत है या पार्टी का आधिकारिक दृष्टिकोण।
अंकिता के परिवार को आर्थिक सहायता मिली या नहीं, उससे बड़ा सवाल यह है कि परिवार और प्रदेश की जनता न्याय तथा हत्याकांड से जुड़े सभी सवालों के स्पष्ट जवाब चाहते हैं। अंकिता को न्याय चाहिए या सहायता लौटाने की सलाह? उत्तराखंड की जनता इस संवेदनशील मामले में राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर जवाबदेही की उम्मीद कर रही है।



