ट्यूशन से घर लौट रहे 11वीं के छात्र की दर्दनाक हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
संयुक्त अस्पताल के पास यूटिलिटी वाहन की चपेट में आया किशोर, 17 वर्षीय मुकुल नहीं रहा
श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। संयुक्त अस्पताल श्रीनगर के पास स्कूटी सवार किशोर यूटिलिटी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पीछे बैठे किशोर को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीकोट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान मुकुल सिंह नेगी (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह नेगी, निवासी नैथाना, कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुकुल शेमफोर्ड स्कूल में कक्षा 11वीं का छात्र था। रविवार देर शाम वह अपने एक साथी के साथ ट्यूशन पढ़कर स्कूटी से चुंगी की ओर से श्रीनगर की तरफ से घर जा रहा था। इसी दौरान संयुक्त अस्पताल के नीचे अचानक दुखद हादसा हो गया और किशोर सड़क पर एक यूटिलिटी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में स्कूटी के पीछे बैठे मुकुल को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल बेस अस्पताल श्रीकोट पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
हादसे में शामिल यूटिलिटी वाहन बताया जा रहा है। श्रीनगर बाजार चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि यूटिलिटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मुकुल पढ़ाई में होनहार होने के साथ ही शांत और व्यवहार कुशल स्वभाव का था। महज 17 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत से परिजनों, परिचितों और स्कूल के लोगों में गहरा दुख है।



