#uttarakhand newsउत्तराखंडराजनीतिराजनीतिक दल

देहरादून में आइसा ने भरी हुंकार, नेहा बोरा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना 

- अंकिता भंडारी की मां हुई भावुक, जनता का मांगा साथ, अंकिता के पिता ने विनोद आर्या के नार्को टेस्ट की उठाई मांग 

देहरादून: उत्तराखंड में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के सातवां राज्य सम्मेलन में शामिल होने के लिए मंगलवार को देहरादून पहुंची संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने जहां भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर जमकर निशाना साधा, वहीं पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीणों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी हत्याकांड, दलितों और मुस्लिमों के खिलाफ हिंसा व मतदाता सूची से नाम काटे जाने जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। नेहा बोरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यावरण की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। बारिश और पर्यावरणीय असंतुलन के चलते गांव प्रभावित हो रहे हैं और लोग अपने पुश्तैनी गांव छोड़ने को मजबूर हैं। इसके बावजूद जब सरकार से ग्रामीणों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सवाल पूछे जाते हैं तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।

उन्होंने कहा कि देशभर में मुस्लिमों और दलितों के खिलाफ नफरत का माहौल बनाया जा रहा है और उत्तराखंड में भी इसे सामान्य बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया।

नेहा बोरा ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए लंबे समय से प्रदेशभर में संघर्ष चल रहा है। पीड़ित परिवार भी लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन मामले में सामने आए लोगों को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं। उन्होंने पीड़िता के चरित्र पर सवाल उठाए जाने को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

नेहा बोरा ने मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में लाखों आम मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उनका दावा है कि कई मामलों में मतदाताओं की जानकारी के बिना ही फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से नाम हटाने या संशोधन की प्रक्रिया चलाई जा रही है. उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण होता है और हर नागरिक को समान रूप से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का मौका मिलना चाहिए‌ अगर लोगों को बिना जानकारी दिए मतदाता सूची से बाहर किया जाता है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के खिलाफ है।

नेहा बोरा ने कहा कि जिस उत्तराखंड की कल्पना आंदोलन और संघर्षों के दौरान की गई थी, आज प्रदेश की परिस्थितियां उससे अलग दिखाई दे रही हैं। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा समस्याओं के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।

इस अवसर पर अंकिता भंडारी की मां ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए जनता का साथ मांगा। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अंकिता ने वीआईपी की ग़लत मांग न मानकर कई बेटियों की जिंदगी बचा ली। अंकिता के पिता ने अपनी बेटी के चरित्र हनन के लिए पुलकित के पिता विनोद आर्या को आड़े हाथों लिया और विनोद आर्या का नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई, ताकि पूरा सच सामने आ सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button