#uttarakhand newsउत्तराखंडवन विभागवन्यजीव हमला

सर्दियां बढ़ते ही गांवों की तरफ आने लगे वन्यजीव, बढ़ा ख़तरा 

देहरादून: उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और तापमान में गिरावट के साथ वन्यजीवों ने निचले इलाकों की ओर रुख करना शुरू कर दिया है।

नवंबर से शुरू होने वाली यह मौसमी गतिविधि वन्यजीवों के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी करती है। साल 2025 में प्रकाशित सेंट्रल हिमालय की एक शोध रिपोर्ट में पाया गया था कि ठंड के मौसम में स्तनधारी और पक्षियों की कई प्रजातियों की ऊंचाई संबंधी सीमा नीचे खिसकती है। वहीं, भागीरथी बेसिन में 209 स्थानों पर कैमरा ट्रैप से हुई रिसर्च ने भी गर्मी और सर्दी के मौसम में वन्यजीवों की गतिविधियों में अंतर दर्ज किया। निचले जंगलों में इंसानी गतिविधियों, सड़कों और आवासीय विस्तार के बीच यह आवाजाही वन्यजीवों के संघर्ष और शिकार के खतरे को बढ़ा सकती है।

वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती:

उत्तराखंड में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों से वन्यजीवों का निचले इलाकों की ओर उतरना शुरू हो गया है। नवंबर से शुरू होने वाली इस मौसमी गतिविधि के बीच वन्यजीवों की सुरक्षा वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। बर्फबारी और तापमान में गिरावट के कारण हिम तेंदुआ, भरल, घुरल समेत कई वन्यजीव अपने प्राकृतिक आवास से नीचे की ओर आने लगते हैं। ऐसे में एक तरफ जहां इन वन्यजीवों के शिकार और तस्करी का खतरा बढ़ जाता है। वहीं दूसरी तरफ इंसानी बस्तियों के नजदीक पहुंचने से मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी पैदा हो जाती है। इसे देखते हुए वन विभाग ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है। इसलिए संबंधित वन प्रभागों, राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों के प्रशासन को बर्फबारी के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

———————–

वन कर्मियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। साथ ही उन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां से वन्यजीवों की आवाजाही ऊंचाई वाले क्षेत्रों से निचले इलाकों की ओर होती है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है. वन कर्मियों को चौबीस घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वन प्रभागों, राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों को अपनी सीमाओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

– सुबोध उनियाल, वन मंत्री, उत्तराखंड

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button