चुनावी तैयारी में रोड़ा बने 250 से ज्यादा सरकारी विभाग, दर्ज होगा मुकदमा
23 हजार कार्मिकों की दरकार, मिले सिर्फ 12 हजार के नाम, डीएम नाराज
देहरादून: विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटे जिला प्रशासन के सामने सरकारी विभागों की लापरवाही नई चुनौती बनकर उभरी है। निर्वाचन ड्यूटी के लिए कर्मचारियों की सूची मांगने के बावजूद 250 से अधिक विभागों ने अब तक अपना रिकॉर्ड निर्वाचन कार्यालय को नहीं सौंपा है। विभागों की इस बेरुखी पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि आदेशों की अनदेखी करने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों की तैनाती से लेकर रिजर्व कर्मचारियों की व्यवस्था तक व्यापक स्तर पर मानव संसाधन की जरूरत होती है। इसी को देखते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय ने जनपद के सभी सरकारी विभागों, कार्यालयों और संस्थानों से वहां कार्यरत कर्मचारियों का पूरा विवरण मांगा था। इसके लिए निर्धारित प्रारूप में समय रहते जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया था। लेकिन प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कई विभागों ने न तो समय पर सूची भेजी और न ही अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। कुछ विभागों की ओर से भेजी गई जानकारी भी अधूरी निकली।
आंकड़े इस लापरवाही की गंभीरता बयां कर रहे हैं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा के मुताबिक, जनपद में करीब 500 विभागों ने ही कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध कराया है, जबकि 250 से अधिक विभाग अभी भी सूची भेजने में पीछे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए रिजर्व कार्मिकों समेत विभिन्न निर्वाचन कार्यों में लगभग 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसके सापेक्ष अभी तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का विवरण ही प्राप्त हुआ है। यानी जरूरत के मुकाबले करीब 11 हजार कर्मचारियों का ब्योरा अभी जुटाया जाना बाकी है।
कर्मचारियों की उपलब्धता का पूरा आकलन नहीं हो पाने से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की योजना बनाने में भी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसे देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को तत्काल कर्मचारियों की अद्यतन और पूर्ण सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विभागाध्यक्षों को व्यक्तिगत रूप से सूची की निगरानी करने और उसमें किसी भी तरह की त्रुटि नहीं रहने देने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने साफ कर दिया है कि निर्वाचन कार्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि अनिवार्य प्रशासनिक जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही बरतने या निर्धारित समय में जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1950 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस चेतावनी के बाद अब संबंधित विभागों पर जल्द से जल्द कर्मचारियों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने का दबाव बढ़ गया है।



