#uttarakhand newsउत्तराखंडकाम की खबर

बोतलबंद पानी के भरोसे पर संकट, उत्तराखंड में 20 सैंपल लिए, 17 की रिपोर्ट का अता-पता नहीं

बिसलेरी विवाद के बाद जागी सरकार, केंद्र ने राज्यों से मांगा पानी की गुणवत्ता का हिसाब; देहरादून में भी जांच रिपोर्ट का इंतजार, निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

– लक्ष्मी बडोनी

देहरादून: बोतल पर भरोसा, पानी की शुद्धता पर सवाल! जिस पैकेज्ड पानी को लोग दूषित पेयजल से बचने का सुरक्षित विकल्प समझकर खरीदते हैं, उसकी गुणवत्ता को लेकर अब चिंता गहराने लगी है। देश के प्रमुख बोतलबंद पानी ब्रांड बिसलेरी से जुड़े कथित असुरक्षित पानी की बिक्री के मामले ने बाजार में बिक रहे पैकेज्ड पेयजल की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी यह है कि उत्तराखंड में भी पानी के नमूनों की जांच की रफ्तार बेहद धीमी नजर आ रही है। छह महीने में 20 सैंपल लिए गए, लेकिन जांच रिपोर्ट महज तीन की ही मिल पाई है। बाकी 17 नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार है।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से बिसलेरी के खिलाफ कथित असुरक्षित पैकेज्ड पेयजल की बिक्री के मामले में कानूनी कार्रवाई की अनुमति दिए जाने के बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्यों से बोतलबंद पानी की गुणवत्ता को लेकर रिपोर्ट मांगी है। इसके बाद उत्तराखंड से भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सैंपलिंग और जांच का ब्योरा भेजा है। सामने आए आंकड़े प्रदेश में बोतलबंद पानी की गुणवत्ता की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर रहे हैं।

तीन रिपोर्ट आईं, 17 का इंतजार

एफडीए के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर के बीच प्रदेश के विभिन्न जिलों से बोतलबंद पानी के 20 नमूने लिए गए। इनमें से अब तक केवल तीन की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। विभाग के लिए राहत की बात यह है कि तीनों नमूने मानकों के अनुरूप पाए गए हैं, लेकिन बाकी 17 नमूनों की रिपोर्ट सामने नहीं आने से तस्वीर अधूरी है। सवाल यह है कि जब बाजार में रोजाना बड़ी मात्रा में बोतलबंद पानी की बिक्री हो रही है, तो उसकी गुणवत्ता की जांच और रिपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया इतनी धीमी क्यों है?

देहरादून में भी जांच का इंतजार

राजधानी देहरादून में जल संस्थान की पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता को लेकर पहले ही सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में लोगों के लिए बोतलबंद पानी एक भरोसेमंद विकल्प माना जाता है। लेकिन यहां लिए गए बोतलबंद पानी के नमूनों की जांच रिपोर्ट भी अब तक सामने नहीं आई है। ऐसे में उपभोक्ताओं के सामने सवाल है कि जिस पानी के लिए वे अतिरिक्त कीमत चुका रहे हैं, उसकी गुणवत्ता की पुष्टि आखिर कब होगी?

हरिद्वार में नौ सैंपल, रिपोर्ट सिर्फ एक की

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो हरिद्वार में सबसे अधिक नौ नमूने लिए गए, लेकिन अब तक केवल एक की रिपोर्ट मिली है। नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और टिहरी में एक-एक नमूना लिया गया। अन्य जिलों में सैंपलिंग की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।

उपभोक्ता की जेब पर कीमत, सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?

बोतलबंद पानी खरीदते समय उपभोक्ता सिर्फ पानी नहीं, बल्कि उसकी शुद्धता और सुरक्षा का भरोसा भी खरीदता है। लेकिन जब नमूने लिए जाने के बाद महीनों तक उनकी जांच रिपोर्ट सामने नहीं आती, तो यह भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है। बिसलेरी विवाद के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि उत्तराखंड में बिक रहे बोतलबंद पानी की नियमित निगरानी कितनी प्रभावी है? कितने ब्रांड और कंपनियां जांच के दायरे में हैं? मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले उत्पादों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है? और सबसे अहम, लंबित 17 नमूनों की रिपोर्ट कब तक आएगी?

फिलहाल तीन नमूनों के सही पाए जाने से पूरे प्रदेश के बोतलबंद पानी की शुद्धता की गारंटी नहीं मिलती। खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबित जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक करने के साथ यह भी स्पष्ट करना होगा कि प्रदेश में बिक रहे पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी का क्या तंत्र है। आखिर सवाल लोगों की सेहत और उनके भरोसे का है। एफडीए के असिस्टेंट कमिश्नर आरएस पाल का कहना है कि बोतलबंद पानी की जो रिपोर्ट अभी तक आई हैं, वह मानक के अनुसार ठीक हैं और अन्य रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button